किले में बदला डेरा सच्चा सौदा....
जेल से बाहर आते ही हनीप्रीत ने किए ये तीन काम
सिरसा. हरियाणा के सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा में एक बार फिर से हलचल शुरू हो गई है. गुरमीत राम रहीम की मुंहबोली बेटी और उसकी राजदार हनीप्रीत इंसा जेल से रिहा होने के बाद बुधवार देर शाम यहां पहुंचने के बाद गुफा में ही रही. लेकिन सुबह होते ही यहां फटाफट कई काम होने लगे. माना जा रहा है कि हनीप्रीत जल्द ही राम रहीम के बिखरे हुए नेटवर्क को एक बार फिर जोड़ने का काम करेगी. एक बार फिर से डेरे की कमान हनीप्रीत के हाथों में आ जाएगी.
राम रहीम और हनीप्रीत के जेल जाने के बाद से आमतौर पर शांत दिखाई देने वाले डेरा में गुरुवार सुबह से काफी चहल-पहल थी. डेरे और उसे सटे शाह सतनाम पुरा तक जाने वाली सड़क पर बैरीकेड लगा दिए गए थे. सतनाम पुरा और डेरे की निगरानी बढ़ा दी गई है. ऐसा खास तौर पर इसलिए भी किया गया है कि कोई भी हनीप्रीत तक पहुंचने की कोशिश न करे. बताया जाता है कि शाह सतनाम पुरा में हनीप्रीत का घर है. वो यहां अपने परिवार के साथ रहती है.
डेरे में बने चर्चा घर में रंग-रोगन का काम चल रहा है. आगामी रविवार को यहां समागम की तैयारी की जा रही है. माना जा रहा है कि हनीप्रीत भी इस कार्यक्रम में शामिल होगी. वहीं डेरे के खास लोगों से हनीप्रीत लगातार मुलाकात कर रही है. ऐसा कहा जा रहा है कि हनीप्रीत एक बार फिर से डेरे का पूरा कंट्रोल अपने हाथ में लेना चाहती है.
डेरा सच्चा सौदा समर्थकों ने कहा कि कानूनी प्रक्रिया के तहत हनीप्रीत जेल से बाहर आ गई है और वो उम्मीद कर रहे हैं कि इसी कानूनी प्रक्रिया के तहत उनके गुरु भी जल्द ही जेल से बाहर आएंगे और उन्हें इस बात का भरोसा है. इसी खुशी में डेरा समर्थकों ने हनीप्रीत के देर रात पहुंचने पर पटाखे भी जलाए थे.
बता दें कि बुधवार को पंचकुला कोर्ट ने हनीप्रीत को दंगा फैलाने और हिंसा के मामले में जमानत दे दी थी. यह हिंसा वर्ष 2017 में पंचकुला में हुई थी जब राम रहीम को दो साध्वियों से रेप और यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. इस हिंसा में 41 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी. हनीप्रीत उर्फ प्रियंका तनेजा को पुलिस ने तीन अक्टूबर, 2018 को गिरफ्तार किया था. तब से वो अंबाला सेंट्रल जेल में बंद थी.


0 Comments