Asian Shooting Championship...
मध्यप्रदेश की चिंकी यादव ने भारत को दिलाया 11वां ओलिंपिक कोटा
दोहा। भारत की चिंकी यादव शुक्रवार को 14वीं एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में 25 मीटर पिस्टल इवेंट में पदक जीतने में तो सफल नहीं हो पाई लेकिन उन्होंने भारत को टोक्यो ओलिंपिक का 11वां कोटा स्थान दिला दिया। भोपाल (मध्यप्रदेश) की चिंकी ने क्वालीफिकेशन में 588 का करियर बेस्ट स्कोर बनाया।
जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता चिकी फाइनल में क्वालीफिकेशन के प्रदर्शन को दोहरा नहीं सकी और उन्हें 116 अंकों के स्कोर के साथ छठे स्थान पर संतोष करना पड़ा। चिंकी इससे पहले क्वालीफिकेशन में दूसरे स्थान पर रही थी।
भोपाल स्थित मध्यप्रदेश सरकार के खेल विभाग के इलेक्ट्रिशियन मेहताब सिंह की बेटी चिंकी ने कहा, मैं बता नहीं सकती हूं कि मैं कितनी खुश हूं। यह मेरे करियर का अभी तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। मैं इसका श्रेय अपने कोचेस विशेषकर जसपाल सर को देना चाहती हूं। मैं इसके साथ ही भोपाल एकेडमी और एनआरएआई को भी मेरी सफलता का श्रेय देना चाहूंगी।
China Open: भारत को करारा झटका, सिंधु पहले दौर में बाहर
क्वालीफिकेशन राउंड में 21 वर्षीया चिंकी ने परफेक्ट 10 का स्कोर कर 588 अंकों के स्कोर के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। थाइलैंड की नेफास्वान यांगपाइबून 590 अंकों के साथ पहले स्थान पर रही थी। भारत की अनुराज सिंह (575) और नीरज कुमार (572) क्रमश: 21वें और 27वें स्थान पर रहीं।
चिंकी को ओलिंपिक कोटा हासिल करने के लिए सिर्फ फाइनल में प्रवेश पाना था। इस चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचे आठ में से चार फाइनलिस्ट पहले ही ओलिंपिक कोटा हासिल कर चुकी थी। इस स्पर्धा में चार ओलिंपिक कोटा दांव पर थे। भारत ने महिला 25 मीटर पिस्टल इवेंट में यह दूसरा कोटा है। राही सरनोबत इस साल की शुरुआत में म्यूनिख वर्ल्ड कप में ओलिंपिक कोटा हासिल कर चुकी थी।


0 Comments