ओलंपियन इम्तियाज अनीस ने किया छात्राओं का उत्साहवर्धन, खेल प्रतिभाओं को किया पुरस्कृत...
सिंधिया कन्या विद्यालय के खेल समारोह का भव्य समापन,वसुंधरा सदन बना सर्वश्रेष्ठ !
ग्वालियर। सिंधिया कन्या विद्यालय में 2 नवंबर को आयोजित खेल समारोह का भव्य समापन अंतरराष्ट्रीय घुड़सवार एवं ओलंपियन श्री इम्तियाज अनीस के मुख्य आतिथ्य तथा प्राचार्या श्रीमती निशि मिश्रा की अध्यक्षता में हुआ। समारोह में विद्यालय के चारों सदनों माधवी, उषा, वसुंधरा और यशोधरा ने मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। एनसीसी कैडेट्स की मार्चपास्ट, पाइप बैंड, पूर्व छात्राओं की एलुमनाई मार्च, योग प्रदर्शन और केरल की प्राचीन मार्शल आर्ट कलरीपायट्टु की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। छात्राओं ने विभिन्न वर्गों में दौड़ प्रतियोगिताओं और फिटनेस फ्यूजन के माध्यम से अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को विभिन्न ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। खेल प्रतियोगिताओं, मार्चपास्ट और फिटनेस फ्यूजन तीनों श्रेणियों में वसुंधरा सदन ने सर्वश्रेष्ठ स्थान हासिल किया। मुख्य अतिथि इम्तियाज अनीस ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि असफलताओं से कभी नहीं डरना चाहिए और निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। उन्होंने विद्यालय में शिक्षा के साथ खेल एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों को दिए जा रहे महत्व की सराहना की।
कार्यक्रम का आयोजन स्पोर्ट्स एचओडी श्रीमती सुमन चौधरी के मार्गदर्शन में हुआ। इस अवसर पर निर्णायक मंडल के सदस्य, विद्यालय प्रबंधन, गणमान्य अतिथि एवं अभिभावक उपस्थित रहे। समारोह के बाद पूर्व छात्राओं के लिए लिंक्स कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 2001 बैच की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया। विद्यालय का स्थापना दिवस 3 नवंबर को शाम 5 बजे मनाया जाएगा।




0 Comments