G NEWS 24 : इस वर्ष 15 हजार दीपों से जगमगाएगा लक्ष्मण तलैया परिसर

7 नवंबर को होगा छठा दीपोत्सव महोत्सव...

इस वर्ष 15 हजार दीपों से जगमगाएगा लक्ष्मण तलैया परिसर

ग्वालियर। भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और सनातन परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से लक्ष्मण तलैया परिवार द्वारा 7 नवंबर 2026, शनिवार को लक्ष्मण तलैया पर छठे दीपोत्सव महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर परिसर में लगभग 15 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे, जिससे पूरा क्षेत्र दीपों की रोशनी से जगमगा उठेगा। आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया शामिल होंगे। 

आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन केवल दीप प्रज्ज्वलन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना का संगम बनेगा। कार्यक्रम के अंतर्गत शाम 5 बजे से विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां शुरू होंगी। शाम 7:30 बजे सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा, जबकि रात 8 बजे भगवान श्रीराम की भव्य महाआरती होगी। इसके साथ ही आकर्षक रंगोली प्रतियोगिता, आध्यात्मिक झांकियों के दर्शन और उत्कृष्ट प्रतिभाओं का सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा। 

लक्ष्मण तलैया परिवार ने शहर के गणमान्य नागरिकों, धर्मप्रेमियों, सामाजिक संगठनों और परिवारों से सपरिवार आयोजन में शामिल होने की अपील की है। साथ ही नागरिकों से अपने साथ कम से कम 11 दीपक लेकर आने का आग्रह किया गया है। आयोजकों ने बताया कि दीपोत्सव का उद्देश्य सामूहिक सहभागिता के माध्यम से भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति लोगों की आस्था को प्रोत्साहित करना है। आयोजन 7 नवंबर को शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक लक्ष्मण तलैया तालाब परिसर में होगा।

Reactions

Post a Comment

0 Comments