G News 24 : ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के आधुनिक तरीकों का प्रशिक्षण लेकर लौटी,नगर निगम की टीम !

 नई दिल्ली के निमली में लिया तीन दिन का प्रशिक्षण,प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित...

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के आधुनिक तरीकों का प्रशिक्षण लेकर लौटी,नगर निगम की टीम !

ग्वालियर/20 नवम्बर 2026। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं वैज्ञानिक बनाने की दिशा में ग्वालियर नगर निगम निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में विज्ञान एवं पर्यावरण केंद्र (सीएसई) द्वारा नई दिल्ली के निमली में जैव अपघटनीय कचरे एवं थोक अपशिष्ट उत्पादकों पर विशेष ध्यान देते हुए टिकाऊ ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विषय पर तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें ग्वालियर नगर निगम की टीम ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

नगर निगम आयुक्त श्री अभिषेक चौधरी एवं अपर आयुक्त श्री टी. प्रतीक राव के निर्देशन में ग्वालियर से भेजी गई टीम ने प्रशिक्षण के दौरान ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों, थोक अपशिष्ट उत्पादकों के प्रबंधन तथा जैविक कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

प्रशिक्षण में विशेषज्ञों द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के विभिन्न प्रावधानों एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही थोक अपशिष्ट उत्पादकों की पहचान एवं पंजीयन, कचरा संग्रहण एवं परिवहन व्यवस्था, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की कार्ययोजना तैयार करने, जैविक कचरे के वैज्ञानिक प्रसंस्करण तथा थोक अपशिष्ट उत्पादकों के लिए उपयुक्त एजेंसियों के चयन एवं नियुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान आयोजित थोक अपशिष्ट उत्पादक विषयक प्रश्नोत्तरी, पोस्टर निर्माण सहित विभिन्न गतिविधियों में ग्वालियर की टीम ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता और विषय की समझ का परिचय देते हुए विशेषज्ञों के समक्ष महत्वपूर्ण सवाल भी रखे। विशेषज्ञों द्वारा सभी प्रश्नों का विस्तार पूर्वक समाधान करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के अंतिम दिन मुख्य प्रशिक्षक द्वारा सक्रिय सहभागिता एवं उत्कृष्ट भागीदारी के लिए ग्वालियर से पहुंचे सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में ग्वालियर नगर निगम की ओर से विजेता सिंह चौहान (जनजागरूकता समन्वयक),जीवन यादव (वार्ड स्वास्थ्य अधिकारी), निखिल (जोन स्वास्थ्य अधिकारी), योगेन्द्र यश मिश्रा एवं श्री हर्ष पाल (जोनल निरीक्षक, जनजागरूकता) ने सहभागिता की।

इस प्रशिक्षण से प्राप्त तकनीकी जानकारी और व्यावहारिक अनुभव का उपयोग ग्वालियर में थोक अपशिष्ट उत्पादकों के बेहतर प्रबंधन, जैविक कचरे के उचित प्रसंस्करण एवं निस्तारण तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने में किया जाएगा। इससे शहर में स्वच्छता के प्रयासों को नई दिशा मिलेगी और वैज्ञानिक तरीके से कचरा प्रबंधन की व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने में मदद मिलेगी।

Reactions

Post a Comment

0 Comments