G News 24 : घर में घुसकर जानलेवा हमला,पटाखे फोड़ने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदला !

पीड़ित गोपी धनावत ने पड़ोसियों पर लगाया हमले का आरोप ...

घर में घुसकर जानलेवा हमला,पटाखे फोड़ने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदला !

ग्वालियर। पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के बदनपुरा इलाके में पटाखे फोड़ने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। यहां रहने वाले एक परिवार ने अपने पड़ोसियों पर घर में घुसकर तलवारों, धारदार हथियारों, सरियों और डंडों से जानलेवा हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना में परिवार के कई सदस्य घायल हुए हैं, जिनमें 4 से 5 लोगों को तलवारों से गंभीर चोटें आने की बात सामने आई है।

मीडिया को जानकारी देते हुए बदनपुरा निवासी फरियादी गोपी धनावत ने बताया कि छत पर पटाखे फोड़ने से रोकने को लेकर पड़ोसियों से विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर दिनेश केसिया, नरेंद्र केसिया, इमरान, सिद्धू सहित 10 से 12 अन्य लोग हथियारों से लैस होकर अचानक उनके घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। पीड़ित के अनुसार, हमलावरों ने तलवारों, धारदार हथियारों, सरियों और डंडों से परिवार के लोगों को बुरी तरह घायल कर दिया। हमले में कुछ सदस्यों को गंभीर चोटें आईं और उनकी हालत बेहद नाजुक हो गई।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है और न ही उनके खिलाफ अपेक्षित सख्त कानूनी कार्रवाई की गई है। परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने, सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। अब सवाल यह है कि घर में घुसकर हथियारों से हमला करने के इस गंभीर मामले में पुलिस कब तक प्रभावी कार्रवाई करती है और पीड़ित परिवार को न्याय कब मिलता है?

Reactions

Post a Comment

0 Comments