G News 24 : रेलवे स्टेशन पर आग,स्टॉल से पार्सल बोगी तक पहुंचीं लपटें,महज 10 मिनट में आग पर पाया काबू !

 प्लेटफॉर्म नंबर-1 के शेड का हिस्सा भी प्रभावित...

रेलवे स्टेशन पर आग,स्टॉल से पार्सल बोगी तक पहुंचीं लपटें,महज 10 मिनट में आग पर पाया काबू !

जबलपुर। जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बुधवार शाम आग लगने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। आग की शुरुआत एक बंद पड़े स्टॉल से हुई। देखते ही देखते लपटें इतनी तेज हो गईं कि प्लेटफॉर्म के शेड के एक हिस्से के साथ पास खड़ी पार्सल बोगी भी इसकी चपेट में आ गई।

घटना शाम करीब 3:45 बजे की बताई जा रही है। आग की सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल मोर्चा संभाला। फायर एक्सटिंग्विशर और वाटर हाइड्रेंट की मदद से करीब 10 मिनट के भीतर आग पर नियंत्रण पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

स्टॉल में रखा सामान जलकर राख

आरपीएफ पोस्ट प्रभारी राजीव खरब के मुताबिक, जिस स्टॉल में आग लगी, वह अभी शुरू नहीं हुआ था और घटना के वक्त बंद था। आग की चपेट में आने से वहां रखे बिस्किट, नमकीन और अन्य पैक्ड खाद्य सामग्री जल गई। आगजनी के बाद एहतियातन प्लेटफॉर्म नंबर-1 की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई।

पार्सल और शेड को भी नुकसान

सीनियर डीसीएम शशांक गुप्ता ने बताया कि आग की लपटों से प्लेटफॉर्म के शेड का कुछ हिस्सा प्रभावित हुआ है। वहीं, पार्सल विभाग के पास रखे सामान में कपड़े और अन्य वस्तुओं के जलने की जानकारी सामने आई है। पास खड़ी पार्सल बोगी तक भी आग पहुंची। रेलवे प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है।

जांच के बाद पता चलेगी आग की वजह

रेलवे अधिकारियों के अनुसार आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि बंद स्टॉल में आग किन परिस्थितियों में लगी और इसकी शुरुआत कैसे हुई।


Reactions

Post a Comment

0 Comments