STF और लखनऊ लोकल पुलिस को मिली कामयाबी...
आखिरकार गिरफ्तार हो ही गई श्रद्धा दुबे,लखनऊ के शिवा शर्मा डेथ केस की है आरोपी !
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बिजनेसमैन शिवा शर्मा की मौत के मामले में फरार चल रही आरोपी और मॉडल श्रद्धा दुबे आखिरकार गिरफ्तार कर ली गई है। सामने आई जानकारी के मुताबिक, STF और लखनऊ लोकल पुलिस ने संक्युत ऑपरेशन में गिरफ्तार किया है। आपको बता दें कि श्रद्धा दुबे बीते कई दिनों से फरार चल रही थी और बार-बार यूपी पुलिस को चकमा दे रही थी। इस कारण यूपी पुलिस की काफी किरकिरी भी हो रही थी। जानकारी के अनुसार, श्रद्धा दुबे को महाराष्ट्र में नागपुर से गिरफ्तार किया गया है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, कुछ ही दिनों पहले लखनऊ के युवा कारोबारी शिवा शर्मा की फ्लैट की चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी। हालांकि, मृतक की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज किया था। मृतक की मां ने मॉडल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रद्धा दुबे समेत कई लोगों पर शिवा की हत्या का आरोप लगाया था। शिवा की मां ने आरोप लगाया था कि उनके बेटे के साथ पहले मारपीट की गई और फिर उसे चौथी मंजिल से धक्का देकर मार दिया गया। मृतक की मां ने ये भी जानकारी दी है कि शिवा बीते करीब चार महीने से श्रद्धा दुबे के संपर्क में था और उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था।
पुलिस ने किया था इनाम का ऐलान
शिवा शर्मा की मौत के मामले में नाम आने के बाद से ही मॉडल श्रद्धा दुबे और अन्य आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस ने आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ 25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। जिनके ऊपर इनाम का ऐलान किया गया था उनके नाम इस प्रकार हैं-:
- श्रद्धा दुबे, पुत्री शिव प्रसाद दुबे (25 हजार का इनाम)
- रश्मि दुबे, पुत्री शिव प्रसाद दुबे (25 हजार का इनाम)
- तनवीर अली उर्फ दानिश, पुत्र रहमत अली (25 हजार का इनाम)




0 Comments