G News 24 : कॉकरोच पार्टी के प्रोटेस्ट से पहले एक्शन में गृह मंत्रालय,नई दिल्ली के 4 KM दायरे में इंटरनेट सस्पेंड !

यह आदेश दूरसंचार अधिनियम 2023 और दूरसंचार सेवा निलंबन नियम 2024 के तहत जारी किया गया है...

कॉकरोच पार्टी के प्रोटेस्ट से पहले एक्शन में गृह मंत्रालय,नई दिल्ली के 4 KM दायरे में इंटरनेट सस्पेंड !

कॉकरोच पार्टी के प्रदर्शन से पहले गृह मंत्रालय ने इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद करने की मंजूरी दी है. जनपथ-कर्तव्य पथ क्रॉसिंग के आसपास 4 किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी. 9 अक्टूबर रात 10 बजे से 10 अक्टूबर रात 10 बजे तक इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहेंगी. मोबाइल इंटरनेट की सभी तकनीकों पर रोक लागू करने के निर्देश दिए गए हैं. दिल्ली पुलिस ने एयरटेल, वोडाफोन-आइडिया, जियो और एमटीएनएल को आदेश लागू करने के निर्देश दिए. यह आदेश दूरसंचार अधिनियम 2023 और दूरसंचार सेवा निलंबन नियम 2024 के तहत जारी किया गया है.

कॉकरोच पार्टी के 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय में एक उच्च स्तरीय बैठक की. यह बैठक सुरक्षा स्थिति का आकलन करने और राष्ट्रीय राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की व्यवस्था की समीक्षा करने पर केंद्रित थी. विरोध प्रदर्शन के कारण दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.

दिल्ली पुलिस ने सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच पार्टी के जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है. वहीं 27 मेट्रो स्टेशनों को बंद किया गया है और 26 हजार CAPF की राजधानी में अतिरिक्त तैनाती की गई है. अधिकारी ने कहा कि जंतर-मंतर पर किसी भी विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है और उन्होंने लोगों से किसी भी अनधिकृत जमावड़े में भाग लेने से बचने की अपील की.

उन्होंने कहा, 'हम शनिवार को शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. जंतर-मंतर पर किसी भी विरोध प्रदर्शन के लिए अब तक कोई अनुमति नहीं दी गई है.' यह तैनाती शांति भंग होने से रोकने और लोगों और यातायात की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए एहतियात के तौर पर की गई है. अधिकारी ने बताया कि इलाके में निषेधात्मक आदेश पहले से ही लागू है. 

दिल्ली में 23 हजार CAPF जवानों की तैनाती

सूत्रों के मुताबिक 8 से 12 अक्टूबर तक दिल्ली में सुरक्षाबलों की कुल 221 कंपनियां तैनात रहेंगी. गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस को अतिरिक्त 110 CAPF कंपनियां उपलब्ध कराई हैं. इनमें 85 CRPF, 10 SSB, 7 RAF, 7 ITBP और 1 CISF कंपनी शामिल है. प्रदर्शन के दौरान करीब 23 हजार CAPF जवानों के अलावा दिल्ली पुलिस के लगभग 20 हजार पुलिसकर्मी भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे. सूत्रों के अनुसार G20 शिखर सम्मेलन को छोड़ दें तो हाल के वर्षों में यह सबसे बड़ी सुरक्षा तैनातियों में से एक है. तुलना के तौर पर G20 के दौरान 236, ब्रिक्स कार्यक्रम में 200, जुलाई में लगभग 150 और किसान आंदोलन के समय 93 कंपनियां तैनात की गई थीं.

दिल्ली की सीमाओं पर सख्त निगरानी

सुरक्षा व्यवस्था के तहत उत्तर प्रदेश और हरियाणा को भी अलर्ट रहने को कहा गया है. दिल्ली की सीमाओं पर सख्त निगरानी रखी जाएगी और 10 अक्टूबर को पूरा नई दिल्ली क्षेत्र सील रहने की संभावना जताई गई है. प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए मल्टीलेयर बैरिकेडिंग की जाएगी. CCTV कैमरों के जरिए कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी होगी, जबकि भीड़ में संदिग्ध और आपराधिक तत्वों की पहचान के लिए FRS कैमरे भी लगाए जाएंगे. कई इलाकों में BNSS की धारा-163 लागू रहेगी, जिसके तहत बिना अनुमति लोगों के जुटने या प्रदर्शन करने पर रोक रहेगी. 

Reactions

Post a Comment

0 Comments