G News 24 : विजयादशमी के अवसर पर रतनगढ़ माता मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 23 घायल !

13 घायलों को जिला अस्पताल दतिया रेफर किया...

विजयादशमी के अवसर पर रतनगढ़ माता मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 23 घायल !

दतिया/सेवढ़ा। विजयादशमी के अवसर पर रतनगढ़ माता मंदिर में दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली मंगलवार को अतरैटा मोड़ के पास पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार 23 श्रद्धालु घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल सेवढ़ा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 13 घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल दतिया रेफर किया गया। शेष घायल प्राथमिक उपचार के बाद अपने परिजनों के साथ घर लौट गए।जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के बरेठा गांव के श्रद्धालु विजयादशमी पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से मां रतनगढ़ के दर्शन करने आए थे। दर्शन करने के बाद सभी श्रद्धालु वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान भगुवापुरा से कुछ दूरी पर स्थित अतरैटा मोड़ के पास सामने से आ रहे दूसरे ट्रैक्टर को साइड देने के प्रयास में चालक ने ट्रैक्टर मोड़ा, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रॉली सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ट्रॉली में सवार श्रद्धालु घायल हो गए।

प्रशासन ने संभाला मोर्चा, चार एंबुलेंस से दतिया भेजे गए घायल

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल सेवढ़ा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को जिला अस्पताल दतिया भेजने के लिए अस्पताल प्रबंधन ने चार एंबुलेंस की व्यवस्था की। कुल 23 घायलों में से 13 को बेहतर उपचार के लिए दतिया रेफर किया गया।घायलों के उपचार के दौरान तहसीलदार राजेंद्र जाटव, एसडीओपी दिव्या राजावत, सेवढ़ा थाना प्रभारी राजीव बिरथरे तथा भगुवापुरा थाना प्रभारी सुरभि खमरिया अस्पताल में मौजूद रहे। अधिकारियों ने अस्पताल में घायलों के उपचार की स्थिति पर नजर रखी।

इन घायलों को किया गया रेफर

जिला अस्पताल दतिया रेफर किए गए घायलों में हरदेवी, मनीषा, रामवती, ममता, संतोष, रामभरोसे, चेतराम, विद्यादेवी, अंगूरी देवी, कैलाश, काशीराम, कोमल एवं चाहत के नाम शामिल हैं।

हादसे में 23 श्रद्धालुओं के घायल होने से क्षेत्र में चिंता का माहौल रहा। हालांकि, समय पर घायलों को अस्पताल पहुंचाने और उपचार की व्यवस्था होने से उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सकी। रतनगढ़ वाली माता की कृपा से हादसे में किसी की जनहानि की सूचना अभी तक नहीं है। 

Reactions

Post a Comment

0 Comments