नवजातों की सुनने की जांच से लेकर अचानक बहरेपन के उपचार तक पर हुई चर्चा...
न्यूरोकॉन-2026,ग्वालियर में देशभर के विशेषज्ञों ने कॉक्लियर इम्प्लांट पर किया मंथन !
ग्वालियर,23 अक्टूबर। न्यूरो-ओटोलॉजिकल एंड इक्विलिब्रियोमेट्रिक सोसाइटी ऑफ इंडिया (NES India) के 44वें राष्ट्रीय सम्मेलन न्यूरोकॉन-2026 का शुभारंभ शुक्रवार को कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट, ग्वालियर में हुआ। सम्मेलन के पहले दिन का प्रमुख विषय कॉक्लियर इम्प्लांट रहा, जिसमें देशभर से आए ईएनटी विशेषज्ञों ने आधुनिक उपचार तकनीकों और सर्जरी के परिणामों पर विचार साझा किए।
स्वर्गीय डॉ. एस. आर. अग्रवाल की स्मृति में आयोजित सम्मेलन में नवजात शिशुओं की श्रवण जांच, जन्मजात सुनने की समस्या, वयस्कों में कॉक्लियर इम्प्लांट तथा सर्जरी के बाद पुनर्वास पर विशेष सत्र हुए। विशेषज्ञों ने अचानक बहरेपन, तेज आवाज से कानों को होने वाले नुकसान, चक्कर की समस्या और खोपड़ी के आधार पर होने वाले ट्यूमर के उपचार पर भी जानकारी दी।
आयोजन सचिव डॉ. राहुल अग्रवाल ने दीपावली पर पटाखों की तेज आवाज से कानों को बचाने और सुनने की क्षमता में अचानक कमी आने पर तत्काल ईएनटी विशेषज्ञ से परामर्श लेने की सलाह दी। सम्मेलन 25 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें देशभर के विशेषज्ञ आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों पर चर्चा करेंगे।




0 Comments