विभिन्न विभागों और गतिविधियों का अवलोकन किया...
इक्वाडोर और गुयाना के राजनयिकों ने किया सिंधिया कन्या विद्यालय का दौरा
ग्वालियर। सिंधिया कन्या विद्यालय (SKV) में मंगलवार को भारत में इक्वाडोर के राजदूत फर्नांडो बुचेली और भारत में गुयाना के उच्चायुक्त धर्मकुमार सीराज ने दौरा किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या निशि मिश्रा और स्कूल समुदाय के सदस्यों ने दोनों अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर उन्हें पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। इसके बाद हाई टी का आयोजन किया गया, जिसमें भारती सूद भी मौजूद रहीं।
दौरे के दौरान दोनों राजनयिकों ने विद्यालय के विभिन्न विभागों और गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने माधव भवन स्थित एकेडमिक ब्लॉक का दौरा किया और स्कूल के रोबोटिक्स कार्यक्रम ‘संकल्पना’ से जुड़े विद्यार्थियों और शिक्षकों से बातचीत की। इसके बाद उन्होंने ‘संकल्प’ पहल के बारे में जानकारी ली, जो ग्रामीण महिलाओं को सैनिटरी पैड के उत्पादन और वितरण के माध्यम से सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है।
अतिथियों ने छात्राओं के नवाचार, सामाजिक प्रतिबद्धता और सामुदायिक विकास के प्रति उनकी जिम्मेदारी की भावना की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा भी की। इसके बाद विद्यालय की छात्राओं के साथ संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं को राजनयिकों से सीधे संवाद करने और अंतरराष्ट्रीय संबंधों, नेतृत्व तथा वैश्विक नागरिकता जैसे विषयों को समझने का अवसर मिला।
इस संवाद ने विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर विभिन्न देशों और संस्कृतियों को समझने का महत्वपूर्ण अनुभव प्रदान किया। सिंधिया कन्या विद्यालय ने दोनों विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति के लिए आभार व्यक्त किया। विद्यालय की ओर से कहा गया कि वह भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय सहयोग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत रहेगा।




0 Comments