सनातन धर्म मंदिर में दो दिवसीय राधाष्टमी महामहोत्सव का हुआ भव्य शुभारंभ...
प.सतीश कौशिक के ब्रज रस से सराबोर हुआ चक्रधर सभागार,भजनों पर झूमे श्रद्धालु !
ग्वालियर। श्री सनातन धर्म मंदिर में सर्वेश्वरी भगवती श्री राधारानी के प्राकट्य दिवस राधाष्टमी महामहोत्सव का शुक्रवार को राधा नाम की गूंज और भक्ति के उल्लास के बीच भव्य शुभारंभ हुआ। मंदिर परिसर का वातावरण ऐसा भक्तिमय हो उठा, मानो ग्वालियर में ही बरसाना धाम साकार हो गया हो। श्री चक्रधर सभागार में ब्रज रस रसिक श्री सतीश कौशिक जी की भजन संध्या में देर रात तक श्रद्धालु राधा नाम के रस में डूबे रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर समिति के अध्यक्ष विजय गोयल, प्रधानमंत्री रमेशचंद्र गोयल ‘लल्ला’ एवं कोषाध्यक्ष राकेश बंसल ने दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य पुजारी पंडित रमाकांत शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सर्वेश्वरी भगवती श्री राधारानी का विधिवत पूजन-अर्चन कराया।
इसके बाद ब्रज रस रसिक श्री सतीश कौशिक जी ने श्री राधा मंगलाचरण एवं गुरु वंदना के साथ भजन संध्या का शुभारंभ किया। जैसे ही उन्होंने भजन “मोहे तो भरोसो है तेरो ही किशोरी राधे” प्रस्तुत किया, पूरा चक्रधर सभागार “श्री राधारानी की जय” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु भाव-विभोर होकर भजनों पर झूमने लगे।
भजन संध्या में “मेरो मन लग्यो बरसाने में”, “वृंदावन प्यारो वृंदावन”, “कर दो कर दो बेड़ा पार राधे अलबेली सरकार”, “मीठे रस से भरयो री राधा रानी लागे”, “सारी दुनिया है दीवानी राधा रानी”, “मेरो कान्हा गुलाब को फूल, किशोरी मेरी कुसुम कली”, “तीन लोक से न्यारी राधा रानी हमारी”, “लाडली श्री राधे बरसाने वाली का दरबार निराला है” तथा “करुणामयी कृपामयी मेरी दयामयी राधे” जैसे ब्रज भाव से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
सुमधुर भजनों के बीच कोई हाथ उठाकर राधा नाम का संकीर्तन कर रहा था तो कोई भक्ति में झूम रहा था। चक्रधर सभागार में चारों ओर राधे-राधे की गूंज सुनाई दे रही थी। भक्ति, संगीत और ब्रज रस के अद्भुत संगम ने पूरे वातावरण को बरसाना धाम की अनुभूति से भर दिया।
देर रात तक चली भजन संध्या में मंदिर समिति के अध्यक्ष विजय गोयल, प्रधानमंत्री रमेश चंद्र गोयल ‘लल्ला’, कोषाध्यक्ष राकेश बंसल, उपाध्यक्ष प्रदीप सिंघल, संयुक्त अध्यक्ष हरिशंकर सिंघल, धर्म मंत्री रविन्द्र सिंघल ‘चौबे’, संयुक्त प्रधानमंत्री राजेश बंसल, मनोज सांघी, शैलेंद्र बंसल, कृष्ण कुमार गोयल, रीना शिवहरे सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
दो दिवसीय राधाष्टमी महामहोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को प्रातः 5 बजे सर्वेश्वरी भगवती श्री राधारानी का प्राकट्य उत्सव, दधिकांदा उत्सव, मंगल बधाई गान एवं पुष्प वर्षा के साथ विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे। प्रातः 9 बजे भगवती श्री राधारानी पालकी के साथ भव्य शोभायात्रा के रूप में नगर भ्रमण पर निकलेंगी।सांयकालीन सत्र में हित भजन मंडल द्वारा सुमधुर भजन संध्या होगी।




0 Comments