G NEWS 24 : ‘एमपी गेम उड़ान’ से प्रतिभाओं को मिलेगा मंच, विद्यार्थियों और नए डेवलपर्स के लिए निःशुल्क भागीदारी !

भोपाल, ग्वालियर और इंदौर में 24 से 26 सितंबर तक गेम जैम...

‘एमपी गेम उड़ान’ से प्रतिभाओं को मिलेगा मंच, विद्यार्थियों और नए डेवलपर्स के लिए निःशुल्क भागीदारी

भोपाल। मध्यप्रदेश में उभरती गेम डेवलपमेंट प्रतिभाओं की पहचान, प्रोत्साहन और उन्हें उद्योग से जोड़ने के उद्देश्य से ‘एमपी गेम उड़ान – मध्यप्रदेश गेम जैम’ की शुरुआत की जा रही है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के तहत मध्यप्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम द्वारा गेम डेवलपर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सहयोग से इस आयोजन का संचालन किया जाएगा। इसमें भागीदारी पूरी तरह निःशुल्क रहेगी। विद्यार्थियों और पहली बार गेम डेवलपमेंट में भाग लेने वाले युवाओं को विशेष रूप से आवेदन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इच्छुक प्रतिभागी इंडी कनेक्ट पर उपलब्ध ‘एमपी गेम उड़ान’ पेज के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं। ‘एमपी गेम उड़ान’ का आयोजन 24 से 26 सितंबर 2026 तक भोपाल, ग्वालियर और इंदौर में किया जाएगा। इसमें विद्यार्थी, गेम डेवलपर बनने के इच्छुक युवा, प्रोग्रामर, कलाकार, डिजाइनर और स्टोरीटेलर एक साथ भाग ले सकेंगे। 

प्रदेश के क्रिएटर्स के लिए ऑनलाइन भागीदारी का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। सरकार की ओर से इस गेम जैम को केवल तीन दिवसीय प्रतियोगिता के रूप में नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश में जमीनी स्तर पर मजबूत गेम डेवलपमेंट इकोसिस्टम तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। इसके माध्यम से प्रतिभाओं, उद्योग विशेषज्ञों, शैक्षणिक संस्थानों और स्थानीय डेवलपर समुदाय को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जाएगा। गेम जैम की शुरुआत में प्रतिभागियों को एक घोषित थीम के आधार पर मौलिक और खेलने योग्य गेम तैयार करने की चुनौती दी जाएगी। गेम विकसित करने की पूरी प्रक्रिया के दौरान प्रतिभागियों को उद्योग विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, लर्निंग सेशन और विशेषज्ञ सलाह उपलब्ध कराई जाएगी। 

गेम डेवलपर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की ओर से गेम डेवलपमेंट की मूलभूत जानकारी और गेम जैम में भाग लेने की प्रक्रिया से संबंधित परिचयात्मक सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों और पहली बार गेम डेवलपमेंट में कदम रखने वाले प्रतिभागियों के साथ अनुभवी क्रिएटर्स को भी अपनी क्षमताएं विकसित करने का अवसर मिलेगा। प्रमुख सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी एम. सेल्वेंद्रन ने कहा कि मध्यप्रदेश में युवा, रचनात्मक और तकनीक आधारित प्रतिभाओं का बड़ा समूह मौजूद है। ‘एमपी गेम उड़ान’ का उद्देश्य इन प्रतिभाओं को प्रयोग, नवाचार और उभरते उद्योगों के लिए नए समाधान तैयार करने का अवसर देना है। उन्होंने कहा कि गेमिंग तकनीक, डिजाइन, कला और कहानी कहने जैसी विभिन्न विधाओं को एक साथ लाता है और इसमें उद्यमिता तथा रोजगार के नए अवसर पैदा करने की क्षमता है। 

उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से प्रदेश के क्रिएटर्स की पहचान कर उन्हें उद्योग विशेषज्ञता से जोड़ने और मध्यप्रदेश में मजबूत गेम डेवलपमेंट समुदाय के निर्माण की शुरुआत की जाएगी। यह पहल स्थापित तकनीकी केंद्रों से आगे अवसरों का विस्तार करने और प्रदेश के विभिन्न शहरों में स्थानीय डेवलपर समुदायों को सक्रिय करने पर भी केंद्रित रहेगी। गेम डेवलपर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के चेयरपर्सन श्रीधर मुप्पिडी ने कहा कि क्रिएटर्स को सही ज्ञान, समुदाय और अवसर उपलब्ध हों तो बेहतरीन गेम कहीं से भी बनाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि भारत में पारंपरिक गेम डेवलपमेंट हब के बाहर भी बड़ी संख्या में प्रतिभाएं मौजूद हैं और ‘एमपी गेम उड़ान’ जैसी पहल इन प्रतिभाओं को शुरुआती स्तर पर पहचानने का अवसर देती है।

उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य प्रदेश में डेवलपर्स का ऐसा टिकाऊ समुदाय तैयार करने में सहयोग करना है, जहां युवा एक-दूसरे से सीख सकें, मिलकर निर्माण कर सकें और भविष्य में ऐसे गेम तथा स्टूडियो विकसित कर सकें, जो राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम हों। ‘एमपी गेम उड़ान’ को गेम निर्माण से जुड़ी विभिन्न विधाओं में युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसमें शामिल होने के लिए प्रतिभागी का प्रोग्रामर होना जरूरी नहीं है। गेम डिजाइनर, डेवलपर, आर्टिस्ट, एनिमेटर, यूआई/यूएक्स डिजाइनर, राइटर, म्यूजिशियन और स्टोरीटेलर भी इसमें हिस्सा ले सकते हैं। यह आधुनिक गेम डेवलपमेंट की बहुआयामी प्रकृति को दर्शाता है।

प्रतिभागी व्यक्तिगत रूप से या टीम के रूप में गेम जैम में शामिल हो सकेंगे। वे अपनी पसंद के डेवलपमेंट टूल्स और गेम इंजन का उपयोग करते हुए पीसी, मोबाइल या वेब के लिए गेम तैयार कर सकेंगे। इससे अलग-अलग तकनीकी और रचनात्मक क्षेत्रों से जुड़े युवाओं को एक साथ काम करने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। गेम जैम के दौरान उद्योग विशेषज्ञ भौतिक और वर्चुअल दोनों माध्यमों से प्रतिभागियों के लिए उपलब्ध रहेंगे। वे टीमों को गेम डिजाइन, डेवलपमेंट, आर्ट, टेक्नोलॉजी और प्रोडक्शन से जुड़ी चुनौतियों के समाधान में मार्गदर्शन देंगे। इसके अलावा यह पहल जीडीएआई और राज्य सरकार को ऐसी होनहार प्रतिभाओं और टीमों की पहचान करने में भी मदद करेगी, जिन्हें भविष्य में मेंटॉरशिप, स्किलिंग, इन्क्यूबेशन, शोकेस और उद्योग से जुड़े अवसरों से जोड़ा जा सकेगा।

Reactions

Post a Comment

0 Comments