बढ़ते जलस्तर और भारी बारिश की चेतावनी के बीच...
तिघरा बांध के तीन गेट खुले, महापौर ने किया निरीक्षण
ग्वालियर। तिघरा बांध के बढ़ते जलस्तर और मौसम विभाग की ओर से जारी भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने शुक्रवार शाम बांध के तीन गेट खोल दिए। शाम करीब 6:30 बजे तीनों गेटों को 9-9 इंच खोलकर लगभग 1040 क्यूसेक अतिरिक्त पानी सांक नदी में छोड़ा गया। जल निकासी के दौरान आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को सतर्क किया गया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह 8 बजे तिघरा बांध का जलस्तर 739.40 फीट दर्ज किया गया था। दिन के दौरान तिघरा के कैचमेंट क्षेत्र में हुई बारिश के कारण बांध के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी होने लगी। जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि और आगामी समय में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने दोपहर करीब 1:30 बजे गेट खोले जाने की सूचना जारी कर दी थी। शाम 5 बजे तक बांध का जलस्तर 739.50 फीट से अधिक पहुंच गया। इसके बाद भी जलस्तर में लगातार वृद्धि जारी रही।
मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश की संभावना को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने स्थिति को ध्यान में रखते हुए तीन गेट खोलने का निर्णय लिया। शाम करीब 6:30 बजे तीनों गेट 9-9 इंच खोले गए और करीब 1040 क्यूसेक अतिरिक्त जल की निकासी सांक नदी में शुरू की गई। गेट खोले जाने की सूचना के बाद नगर निगम ग्वालियर की महापौर शोभा सिकरवार भी तिघरा बांध पहुंचीं। उन्होंने मौके पर पहुंचकर बांध की स्थिति का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से जलस्तर तथा जल निकासी की जानकारी ली।
महापौर ने अधिकारियों को जल निकासी के दौरान आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी प्रकार की परेशानी की स्थिति उत्पन्न न हो। निरीक्षण के दौरान मेयर-इन-काउंसिल सदस्य विनोद यादव माठू, प्रेमलता धर्मेंद्र जैन, नाथूराम ठेकेदार, संध्या कुशवाह और मोनिका शर्मा मौजूद रहीं। जल संसाधन विभाग के अधीक्षण यंत्री राजेश चतुर्वेदी, अनुविभागीय अधिकारी वीरेंद्र यादव एवं मयंक कटारे तथा नगर निगम के कार्यपालन यंत्री शिशिर श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी भी मौके पर उपस्थित रहे।




0 Comments