कब्र खोदकर निकाला तीन माह की मासूम का शव और फेंक दिया घर के सामने...
मासूम का शव घर के सामने फेंकने पर गुस्साए परिजनों ने लगाया जाम !
ग्वालियर। तीन माह की मासूम बच्ची की मौत के बाद उसके शव को दफनाने के बाद कुछ लोगों ने कब्र खोदकर बच्ची का शव बाहर निकालकर घर के सामने फेंक दिया। इसके बाद आक्रोशित परिजनों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
भितरवार क्षेत्र के चैतगांव में तीन माह की मासूम बच्ची की मौत के बाद उसके अंतिम संस्कार को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि बच्ची को दफनाने के बाद कुछ लोगों ने कब्र खोदकर उसका शव बाहर निकाल लिया और परिजनों के घर के सामने फेंक दिया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने बच्ची का शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया।
मामला भितरवार के चैतगांव स्थित मुंशी का पुरा का है। जानकारी के अनुसार कृष्णा बाई और बीरबल सिंह बंजारे की तीन माह की बच्ची की सुबह बीमारी के चलते मौत हो गई थी। इसके बाद परिवार के लोग अंतिम संस्कार के लिए बच्ची के शव को भीमवाड़ा नदी किनारे श्मशान क्षेत्र के पास ले गए। परिजनों के मुताबिक बच्ची के दादा चिमन सिंह बंजारा का परिवार भी नदी किनारे डेरा बनाकर रहता है। परिवार ने नदी किनारे एक खेत के पास बच्ची को दफना दिया।
परिजनों का कहना है कि बच्ची को दफनाने के दौरान वहां खेती करने वाले कुछ गुर्जर समुदाय के लोगों ने जमीन को अपनी बताते हुए इसका विरोध किया। आरोप है कि विरोध के बावजूद परिवार बच्ची को दफनाकर वहां से घर लौट आया। इसके बाद कुछ लोगों ने कब्र खोदकर बच्ची का शव बाहर निकाला और उसे बंजारा परिवार के घर के सामने लाकर फेंक दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।



0 Comments