बहोड़ापुर में विवेक मीणा हत्याकांड में मुठभेड़,जवाबी कार्रवाई में सौरव यादव के टखने में गोली लगी...
ग्वालियर में अपराध पर पुलिस का पलटवार: 12 घंटे में नाबालिग हत्याकांड का खुलासा !
ग्वालियर 1 सितंबर 2026। शहर में हुई दो अलग-अलग सनसनीखेज हत्याओं के मामलों में ग्वालियर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए एक ओर जहां कम्पू थाना क्षेत्र में नाबालिग युवती की हत्या का महज 12 घंटे में खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, वहीं बहोड़ापुर में विवेक मीणा हत्याकांड के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुख्य आरोपी फरार होने में सफल रहा।
कैंसर पहाड़ी पर मिली नाबालिग की लाश, 12 घंटे में हत्या का खुलासा,पुलिस कार्रवाई
कम्पू थाना क्षेत्र में तड़के कैंसर पहाड़ी की झाड़ियों में नाबालिग युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। मृतका की पहचान अनायना के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक युवती की गला घोंटकर हत्या की गई थी। एसएसपी धर्मवीर सिंह के निर्देशन में पुलिस टीमों ने जांच शुरू की। मृतका के मोबाइल फोन से मिले चैट के आधार पर पुलिस को ईशान खान के संबंध में सुराग मिला। पूछताछ और जांच के बाद पुलिस ने ईशान खान और अरबाज खान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई बलेनो कार भी जब्त की है।
एसएसपी धर्मवीर सिंह के मुताबिक मुख्य आरोपी ईशान खान मृतका से शादी करना चाहता था, लेकिन युवती ने इससे इनकार कर दिया। इसके बाद ईशान ने अपने दोस्त अरबाज के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। पुलिस के अनुसार दोनों ने युवती को काम से लौटते समय जबरन कार में बैठाया और कैंसर पहाड़ी ले जाकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
विवेक मीणा हत्याकांड: पुलिस से मुठभेड़, आरोपी के पैर में लगी गोली...
ग्वालियर पुलिस का शॉर्ट एनकाउंटरदूसरी ओर बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के आनंद नगर में हुए विवेक मीणा हत्याकांड में पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक परिहार ने बताया कि सोमवार सुबह शंकरपुर हाईवे के पास तीन आरोपियों के बाइक से जाने की सूचना पुलिस को मिली थी।
सूचना के बाद पुरानी छावनी और बहोड़ापुर थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सौरव यादव के टखने में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मौके से राहुल यादव को भी गिरफ्तार किया, जबकि इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी लाला अग्रवाल बाइक से भागने में सफल रहा। बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक परिहार के मुताबिक फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमों को रवाना किया गया है।गौरतलब है कि आनंद नगर में मामूली विवाद के बाद लाला अग्रवाल, सौरव यादव और राहुल यादव पर विवेक मीणा की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है।



0 Comments