तीसरे टेस्ट से पहले पाकिस्तानी खिलाड़ियों के मोबाइल फोन pcb कब्जे में...
PCB ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों के फोन किए जब्त, मैच फिक्सिंग से जुड़ा हो सकता है मामला !
पाकिस्तान क्रिकेट टीम का इंग्लैंड दौरा पहले ही विवादों में घिरा हुआ था, लेकिन अब एक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है. इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और आखिरी टेस्ट से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने नेशनल टीम के कुछ खिलाड़ियों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए हैं. पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इन फोन को टेस्ट मैच खत्म होने तक PCB के पास रखा जाएगा. हालांकि, अब तक यह साफ नहीं है कि किन खिलाड़ियों के फोन लिए गए हैं और बोर्ड ने ऐसा कदम क्यों उठाया.
रिपोर्ट में खिलाड़ियों की पहचान या फोन कब्जे में लेने की वजह का खुलासा नहीं किया गया है. PCB ने भी सार्वजनिक तौर पर यह नहीं बताया है कि मोबाइल फोन क्यों लिए गए हैं. यही वजह है कि इस कदम को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. जैसे कि किसी खिलाड़ी के निजी फोन को कब जब्त किया जा सकता है और खिलाड़ी के निजी फोन को क्या बोर्ड अपने पास रख सकता है. खिलाड़ी की निजी बातचीत व डेटा तक पहुंचने के लिए क्या नियम लागू होते हैं?
PCB ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों के फोन किए जब्त
फोन का यह विवाद ऐसे समय पर सामने आया है, जब पाकिस्तानी टीम का इंग्लैंड दौरा पहले ही मुश्किल दौर से गुजर रहा है. शुरुआती दो टेस्ट मैचों में पाकिस्तानी टीम को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है, जिसके बाद सीरीज के बीच में पाकिस्तान के स्क्वाड में बड़े बदलाव किए गए. सात पाकिस्तानी खिलाड़ियों को वापस पाकिस्तान भेजा गया और कोचिंग स्टाफ में भी बदलाव किया गया. तीसरे टेस्ट से पहले टीम की जिम्मेदारी में भी बदलाव देखने को मिला और माइक हेसन को टीम के साथ जोड़ा गया.
वजह का खुलासा नहीं हुआ
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर खिलाड़ियों के निजी मोबाइल फोन PCB ने किस वजह से अपने कब्जे में लिए हैं? जब तक बोर्ड इसकी आधिकारिक वजह नहीं बताता, तब तक यह तय करना संभव नहीं है कि मामला मैच फिक्सिंग, पाकिस्तानी टीम के आंतरिक नियमों, अनुशासनात्मक कार्रवाई या किसी औपचारिक इंटीग्रिटी प्रक्रिया से जुड़े हैं या नहीं. खिलाड़ियों के मोबाइल फोन को PCB की कस्टडी में लेने का फैसला एक अजीब घटना है.
क्या कहते हैं ICC के नियम?
हां, इंटरनेशनल क्रिकेट में खिलाड़ियों के मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर पहले से कड़े नियम मौजूद हैं. ICC के नियमों के तहत मैच के दौरान प्रतिबंधित क्षेत्रों में खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को मोबाइल फोन या दूसरे कम्युनिकेशन डिवाइस रखने या इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं होती. ड्रेसिंग रूम जैसे क्षेत्र भी इन प्रतिबंधित इलाकों में शामिल हो सकते हैं. खिलाड़ियों को ऐसे क्षेत्रों में जाने से पहले अपने फोन सुरक्षित जगह पर रखने होते हैं. इन नियमों का प्रमुख उद्देश्य मैच की पारदर्शिता और ईमानदारी बनाए रखना है. हालांकि, मैच के दौरान फोन इस्तेमाल करने पर रोक और किसी खिलाड़ी के निजी फोन को कई दिनों तक अपने पास रखने की स्थिति दो अलग-अलग मामले हैं.




0 Comments