एक दिन पहले भी गणेश पंडाल के पास एक 25 साल के युवक की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी...
मुंबई,लालबाग के गणपति पंडाल में करंट लगने से 8 साल की बच्ची समेत दो की मौत !
महाराष्ट्र के मुंबई में गणपति पंडाल देखने गई एक 8 साल की बच्ची की करंट लगने से मौत हो गई. इस घटना की चपेट में और भी कई लोग आए थे. सभी को अस्पताल में भर्ती किया गया. मुंबई के काळाचौकी इलाके में लालबाग महागणपति पंडाल के पास देर रात बड़ा हादसा हुआ. यहां बिजली का झटका लगने से एक 8 साल की बच्ची की मौत हो गई. पंडाल के बाहर अचानक करंट फैल गया था, जिसकी चपेट में कई लोग आ गए थे. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस घटना में 5 बच्चे और किशोर करंट की चपेट में आ गए थे.
8 साल की रागिनी यादव की करंट लगने से मौत हो गई. वहीं, अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया. मृतक बच्ची रिश्तेदार ने बताया कि पंडाल के पास लगी बिजली की लाइन में एक लाइट लगी थी. यहीं पर ही बच्ची को करंट लगा.
बिजली की लाइन से लगा करंट
मृतक बच्ची की रिश्तेदार किस्मत यादव ने बताया,' हम रात करीब 2 बजे पहुंचे और लाइन में लग गए. हादसा रात 2 बजकर 40 मिनट पर हुआ. हमने बेहद ज्यादा भीड़ देखकर सोचा कि घर वापस चले जाएं. हम किनारे से निकलने की कोशिश कर रहे थे कि तभी हमें मंडप के पास कुछ दुकानें दिखीं. हमने सोचा कि भीड़ कम होने तक दुकानों के पास इंतजार करेंगे और दर्शन के लिए नहीं जाएंगे, लेकिन मंडप के पास, जहां लाइन लगी थी, वहीं एक लाइट लगी हुई थी. उन्हें सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए था. मेरे अपने दो बच्चों को भी बिजली का झटका लगा. यह पूरी तरह से आयोजकों की गलती है. अब कुछ भी मांगने का क्या फायदा?'
अस्पताल में हुई मौत
घटना को लेकर मुंबई फायर ब्रिगेड ने बताया कि हादसे के दौरान गणपति पंडाल के बाहर भक्तों की भीड़ लगी थी. इस दौरान अचानक करंट फैलने से 2 लड़के और 3 लड़कियां इसकी चपेट में आ गए. घटना के तुरंत बाद सभी घायलों में भायखला के मसीना हॉस्पिटल ले जाया गया. यहां डॉक्टरों ने 8 साल की बच्ची को मृत घोषित कर दिया. वहीं, एक अन्य लड़की की हालत गंभीर होने पर उसे दूसरे अस्पताल रेफर किया गया.
पहले हार्ट अटैक से हुई मौत
बता दें कि इससे एक दिन पहले ही लालबागचा राजा गणेश पंडाल के पास एक 25 साल के युवक की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी. पंडाल के पास अपने दोस्तों के साथ बैठे जयदीप मेघराज नेमाडे को अचानक सीने में तकलीफ होने लगी. इस दौरान उन्हें लालबाग गणेशोत्सव मंडल के पदाधिकारी एम्बुलेंस से पास के अस्पताल ले गए. यहां इलाज के दौरान मेघराज की मौत हो गई. उनके परिवार ने किसी गड़बड़ी की शिकायत दर्ज नहीं करवाई और न ही किसी तरह का शक जताया.




0 Comments