ऑपरेशन मुस्कान के तहत थाना बहोड़ापुर पुलिस की कार्यवाही...
बिना बताए गायब हुई अपहृत बालिका को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर किया दस्तयाब
ग्वालियर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह के निर्देशानुसार ग्वालियर जिले में गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। उक्त निर्देशों के परिपालन में अति. पुलिस अधीक्षक(मध्य/यातायात) सुजावल जग्गा द्वारा अपने अधीनस्थ सभी थाना प्रभारियों को थाना क्षेत्र से गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु टीम बनाकर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
फरियादिया प्रीती(परिवर्तित नाम) निवासी बहोड़ापुर द्वारा थाना बहोड़ापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 09.09.2026 को उसकी छोटी बहन सोनम(परिवर्तित नाम) उम्र 17 साल अपनी मां के साथ फर्नीचर की फैक्ट्री पर गई थी तभी मेरी बहन वहां से बिना बताये कहीं निकल गई है मेरी मां ने आसपास तलाश किया कोई पता नहीं चला। कोई व्यक्ति मेरी बहन को बहला फुसलाकर कहीं ले गया है।
फरियादिया की रिपोर्ट पर से थाना बहोड़ापुर में अप0क्र0-354/26 धारा 137(2) बीएनएस का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। उक्त नाबालिग बालिका के अपहृत होने की सूचना प्राप्त होने पर वरिष्ठ अधिकरियों के निर्देश पर सीएसपी ग्वालियर कृष्ण पाल सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बहोड़ापुर निरीक्षक आलोक सिंह परिहार के द्वारा थाना बल की टीम को उक्त प्रकरण में अपहृत नाबालिग बालिका की सकुशल दस्तयाबी हेतु लगाया गया। पुलिस टीम द्वारा आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज चेक किये गये और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
दौराने विवेचना थाना बहोड़ापुर पुलिस द्वारा तकनीकी जानकारी एवं मुखबिर सूचना के आधार पर ज्ञात हुआ कि उक्त अपहृता बालिका मुरैना में है। उक्त सूचना पर पुलिस की एक टीम को मुरैना रवाना किया गया। पुलिस टीम द्वारा आज दिनांक 11.09.2026 को उक्त अपहृता बालिका को संदेही संजय रामपुरे के कब्जे से दस्तयाब कर संदेही युवक को अभिरक्षा में लिया गया। ग्वालियर वापस आकर अपहृता बालिका के कथन उपरांत उक्त प्रकरण में अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।




0 Comments