G News 24 : 10 आईपीएस समेत 137 पुलिस अधिकारियों के हुए तबादले !

 एमपी पुलिस में रात में हुआ बड़ा फेरबदल...

10 आईपीएस समेत 137 पुलिस अधिकारियों के हुए तबादले !

भोपाल। मध्य प्रदेश के गृह विभाग ने रविवार रात पुलिस महकमे में व्यापक प्रशासनिक बदलाव करते हुए कुल 137 अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इनमें 10 भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी और 127 राज्य पुलिस सेवा के अधिकारी शामिल हैं। सभी को आगामी आदेश तक नई पदस्थापना पर भेज दिया गया है।

आईपीएस सूची में 2023 बैच के चार और 2024 बैच के छह युवा अधिकारी हैं। इन्हें मुख्य रूप से नगर पुलिस अधीक्षक, सहायक पुलिस आयुक्त और अनुविभागीय पुलिस अधिकारी के पद दिए गए हैं।

आईपीएस अधिकारियों की नई जिम्मेदारी

आलोक कुमार वर्मा देवास से नगर पुलिस अधीक्षक, रीवा बनाए गए हैं। मनीष भारद्वाज साइबर पुलिस मुख्यालय से सहायक पुलिस आयुक्त, कोतवाली (नगरीय इंदौर) गए हैं। मनोज कुमार ग्वालियर से सहायक पुलिस आयुक्त, एमपी नगर (नगरीय भोपाल) पदस्थ किए गए हैं।

वैभव प्रिया रतलाम से एसडीओपी नेपानगर (बुरहानपुर), शुभम सिंह ठाकुर जबलपुर से एसडीओपी गाडरवारा (नरसिंहपुर) और अमित कुमार खंडवा से एसडीओपी सिंगरौली गए हैं। लेखराज मीणा छतरपुर से एसडीओपी सैलाना (रतलाम), काजल सिंह उज्जैन से एसडीओपी खुरई (सागर), राजीव अग्रवाल रीवा से एसडीओपी कुक्षी (धार) तथा दीपांशु सागर से एसडीओपी मनावर (धार) पदस्थ किए गए हैं।

राज्य पुलिस सेवा में भी व्यापक बदलाव

127 राज्य पुलिस सेवा अधिकारियों में उप पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी, नगर पुलिस अधीक्षक, सहायक पुलिस आयुक्त और सहायक सेनानी स्तर के अधिकारी शामिल हैं। सूची में प्रशिक्षु और कार्यवाहक डीएसपी भी हैं।

कई अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय से मैदानी पदों पर भेजा गया है। मानसिंह टेकाम मुख्यालय से अजाक अनूपपुर, प्रीतम सिंह बलरे निवास (मंडला) से नगर पुलिस अधीक्षक बालाघाट, सलिल शर्मा मुख्यालय से एसडीओपी ओबेदुल्लागंज तथा त्रिलोक चंद पवार महिला सुरक्षा अलीराजपुर से एसीपी क्राइम, नगरीय इंदौर गए हैं। रीतू उपाध्याय रीवा की नगर पुलिस अधीक्षक से 26वीं वाहिनी विसबल, गुना में सहायक सेनानी बनाई गई हैं।

यह फेरबदल युवा आईपीएस अधिकारियों को क्षेत्रीय अनुभव देने और मुख्यालय व मैदानी इकाइयों के बीच संतुलन बनाने की दिशा में दिखाई देता है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू है। अधिकारियों को नई पदस्थापना स्थल पर शीघ्र योगदान देने के निर्देश दिए गए हैं।

Reactions

Post a Comment

0 Comments