9 पुलिसकर्मी लापता, कई इलाकों में भारी नुकसान...
तिब्बत से आई बाढ़ ने नेपाल में मचाई तबाही !
काठमांडू। चीन के तिब्बत क्षेत्र से आई अचानक बाढ़ ने नेपाल के रसुवा जिले में भारी तबाही मचा दी। भोटेकोशी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से टिमुरे और स्याब्रुबेसी इलाके में कई घरों, बाजारों और अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है। तेज बहाव में वाहन और सामान बह गए, जबकि एक पुल भी टूट गया। बाढ़ के बाद टिमुरे बॉर्डर पोस्ट पर तैनात 9 पुलिसकर्मी लापता बताए जा रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, बाढ़ के बाद से उनसे संपर्क नहीं हो पाया है। हालांकि, बॉर्डर पोस्ट पर मौजूद 25 से 30 अन्य लोगों के सुरक्षित होने की जानकारी है।
टिमुरे में फंसे लोगों को निकालने के लिए भेजा गया हेलिकॉप्टर भी बिना उतरे काठमांडू लौट आया। बाढ़ के पानी में स्थानीय हेलिपैड बह जाने के कारण पायलट को सुरक्षित लैंडिंग की जगह नहीं मिल सकी। पायलट के अनुसार, ऊपर से देखने पर टिमुरे गांव का बड़ा हिस्सा दिखाई नहीं दे रहा था। उन्होंने बताया कि त्रिशूली नदी का पानी अचानक बेहद तेजी से बढ़ा, जिससे इलाके में बाढ़ की स्थिति पैदा हुई। बाढ़ के साथ भूस्खलन से भी टिमुरे में भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल बाढ़ में कितने लोगों की मौत हुई है और कुल कितना नुकसान हुआ है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। रसुवा में बाढ़ के तेज बहाव में एक हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट बह गया।
इसके अलावा चिलिमे जलविद्युत परियोजना समेत कुछ अन्य परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। बाढ़ से हुए कुल नुकसान का आकलन अभी जारी है। खास बात यह है कि रसुवा जिला मुख्यालय के आसपास बारिश नहीं हुई थी, इसके बावजूद भोटेकोशी नदी में अचानक पानी बढ़ गया। अधिकारियों के मुताबिक, बाढ़ की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। ऊंचाई वाले क्षेत्र में ग्लेशियर झील का पानी अचानक बाहर निकलने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।




0 Comments