शहजाद भट्टी नेटवर्क ISI का आतंकी सिंडिकेट है...
पीएम मोदी ने तोड़ा पाक में बैठे शहजाद भट्टी का नेटवर्क: अमित शाह
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस से पहले पीएम मोदी ने आईएसआई समर्थित आतंकी संगठन शहजाद भट्टी के नेटवर्क को नेस्तनाबूद कर दिया. गृहमंत्री शाह ने यह बयान एक्स पर पोस्ट करते हुए सोमवार (17 अगस्त) को दिया है.
उन्होंने अपने बयान में आगे कहा, '200 से ज्यादा ऑपरेटिव्स को अरेस्ट किया गया है. साथ ही उनके विध्वंसक हमलों के मंसूबों को नाकाम कर दिया है. भारतीय सुरक्षाबलों ने 14 राज्यों में अलग-अलग जगहों पर एक साथ ऑपरेशन चलाकर इस नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है, आतंकवाद के प्रति भारत की जीरो टॉलरेंस पॉलिसी का एक बेहतरीन उदाहरण है.'
उन्होंने कहा, 'ISI से फंड पाने वाले इस गुट से भारी मात्रा में सामान बरामद किया गया. इसमें IED, पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री के निशान वाले ग्रेनेड, पिस्तौल, जिंदा कारतूस और जासूसी के लिए इस्तेमाल होने वाले CCTV कैमरे शामिल थे. यह नेटवर्क कई आतंकी गतिविधियों में शामिल था.'
इन राज्यों से हुई है गिरफ्तारी
सुरक्षा एजेंसियों ने 12 अगस्त को राज्य पुलिस के साथ रियल टाइम इंटेलिजेंस शेयरिंग सिस्टम के जरिए ऑपरेशन चलाया. कार्रवाई उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, कर्नाटक, गुजरात, बिहार, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर और केरल में की है.
इस पूरे ऑपरेशन के दौरान यूपी से (62), हरियाणा से (52), दिल्ली में (51) और पंजाब में (44) लोगों को अरेस्ट किया गया है. इनके अलावा राजस्थान (15), महाराष्ट्र में (8) और उत्तराखंड (5) लोगों को अरेस्ट किया है. गुजरात, कर्नाटक, बिहार, में तीन-तीन गिरफ्तारी हुई हैं. तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर और केरल में दो लोगों को अरेस्ट किया गया है.
बड़ी मात्रा में IED, हथियार, जिंदा कारतूस और ग्रेनेड बरामद
सुरक्षा एजेंसियों को मुताबिक, कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में IED, हथियार, जिंदा कारतूस और ग्रेनेड बरामद किए गए. बरामद कुछ ग्रेनेड पर पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री की मार्किंग मिली. नेटवर्क से जुड़े लोगों के पास से पिस्टल, कारतूस और जासूसी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे CCTV कैमरे भी मिले. एजेंसियों के मुताबिक, यह नेटवर्क आतंकी गतिविधियों और देश में हिंसा फैलाने की साजिशों में शामिल था. समय रहते कार्रवाई कर सुरक्षा एजेंसियों ने स्वतंत्रता दिवस से पहले संभावित आतंकी साजिशों को नाकाम किया.
शहजाद भट्टी नेटवर्क ISI का आतंकी सिंडिकेट है
शाहजाद भट्टी नेटवर्क (SBN) पाकिस्तान स्थित, ISI द्वारा समर्थित आतंकी सिंडिकेट है जो भारत में ग्रेनेड, IED और पेट्रोल बम हमलों और टारगेटेड किलिंग में शामिल है. SBN स्थानीय सहयोगियों को पैसे देकर पुलिस, रक्षा और धार्मिक स्थलों की रेकी करवाता था और जासूसी के लिए CCTV कैमरे लगवाता था. स्वतंत्रता दिवस के आसपास SBN से जुड़ी संभावित गड़बड़ियों को रोकने के लिए 12 अगस्त को राज्य पुलिस बलों के साथ रियल-टाइम खुफिया जानकारी साझा करने वाली प्रणाली के जरिए समन्वित बहु-राज्यीय अभियान चलाया गया.
अब तक SBN के खिलाफ 80 से अधिक FIR और 200 गिरफ्तारियां दर्ज की जा चुकी हैं. ये मामले UAPA, BNS, आर्म्स एक्ट, NDPS एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत दर्ज हैं. IED, पाकिस्तान ऑर्डिनेंस फैक्ट्री की मार्किंग वाले ग्रेनेड, पिस्टल, जिंदा कारतूस और जासूसी वाले CCTV कैमरे बरामद हुए हैं. इससे नेटवर्क के सीधे सीमा-पार संबंध की पुष्टि होती है.



0 Comments