G NEWS 24 : मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का शुभारंभ, शिकायतों पर सख्त हुए सीएम !

लापरवाहों पर कार्रवाई, उत्कृष्ट कार्य करने वालों का किया सम्मान...

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का शुभारंभ, शिकायतों पर सख्त हुए सीएम !

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को छिंदवाड़ा जिले से "मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान" का शुभारंभ करते हुए आमजन की समस्याओं की सीधे सुनवाई की। कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने सीएम हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों की आवेदकों की मौजूदगी में एक-एक कर समीक्षा की और स्पष्ट कहा कि जनसेवा में संवेदनशीलता ही सुशासन की पहचान है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे और किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समीक्षा के दौरान जिन मामलों में अधिकारियों की लापरवाही सामने आई, उन पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। 

मुख्यमंत्री ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए शिकायत दर्ज कराने की नौबत नहीं आनी चाहिए। प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने ड्रॉपआउट बच्चों को दोबारा स्कूलों में प्रवेश दिलाने, शिक्षकों की शत-प्रतिशत ई-अटेंडेंस सुनिश्चित करने तथा साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। कार्यक्रम के दौरान शिकायतों की समीक्षा में कई मामलों में अधिकारियों की लापरवाही सामने आई। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिलने की शिकायत पर परासिया तहसील के संबंधित पटवारी और तहसीलदार को निलंबित करने के निर्देश दिए गए। 

प्रसूति सहायता राशि नहीं मिलने के मामले में छिंदवाड़ा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया। मुख्यमंत्री संबल योजना के अंतर्गत सहायता राशि में लापरवाही पाए जाने पर चौरई जनपद पंचायत के सीईओ और श्रम अधिकारी की एक-एक वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश दिए गए। वहीं भू-अभिलेख सुधार में देरी के मामले में एसडीएम, तहसीलदार और संबंधित पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल शिकायतों का समाधान करना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था विकसित करना है जिसमें नागरिकों को शिकायत करने की आवश्यकता ही न पड़े। उन्होंने कहा कि हर अधिकारी जनसेवा के प्रति जवाबदेह रहे और प्रत्येक हितग्राही को योजनाओं का लाभ समय पर मिले।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जिले की प्रेरक प्रतिभाओं से भी संवाद किया। प्राकृतिक खेती, आधुनिक कृषि, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण पर्यटन, उद्योग, खेल और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छिंदवाड़ा की प्रतिभाएं पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा हैं और सरकार ऐसे लोगों को हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। ब्लूबेरी की खेती करने वाले किसान वाशम शेट्टी ने अपने नवाचार की जानकारी दी, जबकि प्राकृतिक खेती करने वाले राजेंद्र धारे ने अपने मॉडल से अवगत कराया। 'नमो ड्रोन दीदी' लक्ष्मी धागरे ने बताया कि ड्रोन तकनीक से खेती कर उन्होंने अतिरिक्त आय अर्जित की। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक और प्राकृतिक खेती दोनों ही किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। महिला उद्यमी रूपाली धुर्वे ने चिरौंजी प्रसंस्करण और उसके निर्यात की जानकारी दी, जबकि ग्रामीण पर्यटन से जुड़े सनोत नागवंशी ने अपने होम-स्टे मॉडल के बारे में बताया। मुख्यमंत्री ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों और ग्रामीण पर्यटन से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि वे स्वयं भी उनके होम-स्टे पर जाएंगे। खेलो इंडिया ट्राइबल यूथ गेम्स-2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहलवान शिवा भलावी को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया और कहा कि प्रदेश के युवा राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। वहीं सीएनजी प्लांट संचालक रोहित साहू के नवाचार की भी उन्होंने सराहना की।

संवाद के दौरान कक्षा 10वीं में 99 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली मेधावी छात्रा आभा शर्मा ने चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने की इच्छा व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने उसे आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के साथ खड़ी है और आर्थिक स्थिति कभी भी प्रतिभा के रास्ते में बाधा नहीं बनने दी जाएगी। उन्होंने अन्य मेधावी छात्राओं अक्षरा ओकते और दीपाली सोनी की भी सराहना की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जनविश्वास अभियान का उद्देश्य शासन और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पारदर्शी, जवाबदेह और संवेदनशील प्रशासन ही सरकार की प्राथमिकता है तथा जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

Reactions

Post a Comment

0 Comments