भाई की शिकायत पर खुला मामला...
सावन में बेटे ने खाया नॉनवेज तो मां-बाप ने गुस्से में आकर करदी बेटे की हत्या !
पुणे। महाराष्ट्र के पुणे के वारजे मालवाड़ी इलाके में सावन के महीने में मटन खाने और शराब पीने को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। आरोप है कि शराब के नशे में घर लौटे 30 वर्षीय युवक का अपने पिता से नॉनवेज खाने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद पिता ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान महेश भागवत गायकवाड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में उसके पिता भागवत सूर्यभान गायकवाड़ (64) और मां पार्वती भागवत गायकवाड़ (60) को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पिता ने महेश के साथ मारपीट की, जबकि मां ने घटना के बाद सबूत मिटाने की कोशिश की।
पुलिस के मुताबिक, घटना 24 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे से 25 अगस्त की सुबह 4 बजे के बीच वारजे मालवाड़ी के रामनगर इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि महेश शराब के नशे में घर पहुंचा था। इसी दौरान मटन खाने को लेकर उसका पिता से विवाद हो गया। शुरुआत में दोनों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि भागवत ने महेश को बुरी तरह पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद महेश के भाई ने वारजे मालवाड़ी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू करते हुए मृतक के माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों से घटना के संबंध में पूछताछ की है। मां पर घटना के बाद सबूत मिटाने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया गया है। पुलिस के अनुसार, महेश की शादी करीब दस साल पहले हुई थी और उसका परिवार तथा शिकायतकर्ता भाई आसपास ही रहते हैं। शिकायतकर्ता इलाके में पेंटर का काम करता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और विवाद के दौरान हुई पूरी घटना तथा महेश की मौत की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।




0 Comments