खेत का नामांतरण करने के बदले मांग रहा था पैसे...
लोकायुक्त टीम ने पटवारी को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ किया गिरफ्तार !
भिंड। मेहगांव क्षेत्र में लोकायुक्त टीम ने रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पटवारी संजय बघेल को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पटवारी सिमार में पदस्थ बताया जा रहा है और कार्रवाई उसके घर पर की गई। जानकारी के मुताबिक, आवेदक राघवेंद्र अपने खेत के नामांतरण के लिए पटवारी संजय बघेल के पास पहुंचा था। आरोप है कि नामांतरण के एवज में पटवारी ने उससे 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
रिश्वत देने से इनकार करने के बाद उसका नामांतरण का काम कथित तौर पर दो महीने से अधिक समय तक अटका रहा, जिसके चलते उसे लगातार पटवारी के चक्कर लगाने पड़े। परेशान होकर राघवेंद्र ने लोकायुक्त टीम से शिकायत की। शिकायत के बाद अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू की और आवेदक को पटवारी से हुई बातचीत रिकॉर्ड करने के लिए कहा। बातचीत की रिकॉर्डिंग में रिश्वत की मांग की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। इसके तहत आवेदक को केमिकल लगे 5 हजार रुपये के नोट दिए गए।
राघवेंद्र रिश्वत की रकम लेकर पटवारी संजय बघेल के घर पहुंचा। जैसे ही पटवारी ने रकम ली, पहले से तैयार लोकायुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की रकम बरामद कर आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए। लोकायुक्त टीम ने आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और टीम रिश्वत की पूरी मांग तथा नामांतरण से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।



0 Comments