पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज और गोलीबारी में...
छात्र आंदोलन में शहीद हुए छात्रों की स्मृति में समाधि स्थल पर होगी श्रद्धांजलि सभा
ग्वालियर। छात्र आंदोलन के दौरान शहीद हुए छात्र हरि सिंह और दर्शन सिंह की स्मृति में 9 अगस्त को एमएलबी कॉलेज में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। छात्र आंदोलन संचालन समिति के संयोजक शिववीर सिंह भदौरिया एडवोकेट ने वर्तमान छात्र नेताओं, पूर्व छात्र नेताओं, महाविद्यालय प्रशासन और आम नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर शहीद छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की है।
शिववीर सिंह भदौरिया ने बताया कि 9 अगस्त 1950 को ग्वालियर में छात्रों की विभिन्न समस्याओं को लेकर बड़ा छात्र आंदोलन चल रहा था। इसी दौरान पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज और गोलीबारी में छात्र हरि सिंह और दर्शन सिंह शहीद हो गए थे। छात्र आंदोलन में उनकी शहादत को आज भी सम्मान के साथ याद किया जाता है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी एमएलबी कॉलेज परिसर स्थित उनकी समाधि स्थल पर सुबह 9:30 बजे श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम में महाविद्यालय प्रशासन, वर्तमान छात्र नेता, पूर्व छात्र नेता और शहर के नागरिक शामिल होकर शहीद छात्रों की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।
आयोजकों ने कहा कि हरि सिंह और दर्शन सिंह ने छात्रों की समस्याओं और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया था। उनकी शहादत छात्र आंदोलनों के इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है। श्रद्धांजलि सभा के माध्यम से उनके संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए नई पीढ़ी को भी उनके योगदान से परिचित कराया जाएगा।



0 Comments