छह ठिकानों पर छापा; बिना अनुमति थाईलैंड यात्रा भी जांच के दायरे में...
फार्मासिस्ट पर EOW का शिकंजा,हुआ आय से 108% अधिक संपत्ति का खुलासा !
इंदौर। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में एमवाय अस्पताल में पदस्थ फार्मासिस्ट राकेश गोरखे के ठिकानों पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कथित रूप से सरकारी दवाओं के स्टॉक में गड़बड़ी कर अपनी वैध आय से 108 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित की है। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे शुरू हुई कार्रवाई कई घंटों तक जारी रही, जिसमें छह संपत्तियों, बैंक दस्तावेजों और नकदी समेत कई अहम साक्ष्य मिले हैं।
ईओडब्ल्यू के अनुसार राकेश गोरखे की नियुक्ति वर्ष 2007 में फार्मासिस्ट के पद पर हुई थी। वर्ष 2015 में उनका मासिक वेतन 18,711 रुपये था, जो वर्ष 2025 तक बढ़कर 54,664 रुपये हो गया। उनकी पत्नी कीर्ति गोरखे वर्ष 2010 से शासकीय दंत चिकित्सालय में लाइब्रेरियन के पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में उनका मासिक वेतन 42,402 रुपये है।
जांच के दौरान इंदौर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित छह संपत्तियों का पता चला। इनमें स्कीम नंबर-140 स्थित वृंदावन गार्डन का दो मंजिला मकान, साकार एनआरआई सिटी का बड़ा प्लॉट, साहिल इंद्राचल होम्स, संघवी रेजीडेंसी और सद्गुरु नंदी बिहार में प्लॉट शामिल हैं। इसके अलावा ओमेक्स डेवलपर्स में प्लॉट बुकिंग के लिए 6.70 लाख रुपये का भुगतान किए जाने के दस्तावेज भी मिले हैं।
छापेमारी के दौरान जब्त पासपोर्ट से यह भी खुलासा हुआ कि राकेश गोरखे अक्टूबर 2023 में विभागीय अनुमति के बिना थाईलैंड यात्रा पर गए थे। अब ईओडब्ल्यू इस विदेश यात्रा पर हुए खर्च का भी आकलन कर रही है और उसे आरोपी के कुल व्यय में शामिल किया जाएगा। कार्रवाई के दौरान टीम ने छह संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज, बैंक पासबुक, पासपोर्ट और 1.51 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने अपनी कई संपत्तियों की जानकारी विभाग को उपलब्ध नहीं कराई थी। फिलहाल ईओडब्ल्यू दस्तावेजों की विस्तृत जांच और संपत्तियों के सत्यापन की कार्रवाई में जुटी हुई है।



0 Comments