दो दिन से चल रहे रेस्क्यू अभियान के बाद...
मेहराब साहब की तलैया में डूबे 24 वर्षीय युवक का शव बरामद !
ग्वालियर। गोल पहाड़िया के समीप स्थित मेहराब साहब की तलैया में डूबे 24 वर्षीय युवक पंकज सूर्यवंशी का शव शनिवार को बचाव दल ने बरामद कर लिया। पंकज 6 अगस्त को तलैया में नहाते समय डूब गया था। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने एसडीआरएफ टीम के गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू कराया था।
शनिवार सुबह करीब 10 बजे बचाव दल को तलैया से पंकज का शव मिल गया। शव बरामद होने के बाद आवश्यक कार्रवाई और पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव मृतक के पिता रामअवतार को सौंप दिया गया। घटना के बाद से ही एसडीआरएफ की टीम लगातार तलैया में युवक की तलाश कर रही थी।
दो दिन तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद शनिवार को टीम को सफलता मिली और युवक का शव बरामद किया गया। प्रशासन द्वारा मृतक के वारिस को राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी 6-4) के प्रावधानों के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।



0 Comments