G News 24 : सरकार ने बताया कि कब घट सकते हैं पेट्रोल और डीजल के दाम, चेक करें अपने शहर का लेटेस्ट रेट !

 कच्चा तेल सस्ता,फिर भी पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं घट रहे...

सरकार ने बताया कि कब घट सकते हैं पेट्रोल और डीजल के दाम, चेक करें अपने शहर का लेटेस्ट रेट !

अगर आप रोज पेट्रोल या डीजल भरवाते हैं, तो आपके मन में भी यही सवाल होगा कि जब दुनिया भर में कच्चे तेल की कीमतें कम हो रही हैं, तो भारत में पेट्रोल और डीजल के दाम अभी तक क्यों नहीं घटे. इस बीच सरकारी तेल कंपनियों ने आज यानी 4 जुलाई को पेट्रोल -डीजल के नए रेट जारी कर दिए हैं. लेकिन आज देश के ज्यादातर शहरों में पेट्रोल-डीजल न तो महंगा हुआ है और न ही सस्ता. 4 जुलाई को भी देश के ज्यादातर शहरों में पेट्रोल और डीजल के दाम पहले जैसे ही बने हुए हैं. हालांकि कुछ शहरों में हल्का बदलाव जरूर देखने को मिला है. ऐसे में जान लें कि आप आपके शहर में पेट्रोल-डीजल  किस भाव पर मिल रहा है और कब पेट्रोल-डीजल के रेट घटने की उम्मीद है.

4 जुलाई को देश के अलग-अलग शहरों में पेट्रोल-डीजल के रेट...

  • आज दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है.
  • आज मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.
  • आज कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये और डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर है.
  • आज चेन्नई में पेट्रोल 107.77 रुपये और डीजल 99.55 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है.
  • आज गुरुग्राम में पेट्रोल 102.97 रुपये और डीजल 95.64 रुपये प्रति लीटर है.
  • आज नोएडा में पेट्रोल 101.96 रुपये और डीजल 95.44 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.
  • आज चंडीगढ़ में पेट्रोल 101.54 रुपये और डीजल 89.47 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है.
  • आज हैदराबाद में पेट्रोल 115.69 रुपये और डीजल 103.82 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.
  • आज जयपुर में पेट्रोल 113.19 रुपये और डीजल 98.25 रुपये प्रति लीटर है.
  • आज लखनऊ में पेट्रोल 101.86 रुपये और डीजल 95.36 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है.

आज पेट्रोल-डीजल कहां महंगा और कहां सस्ता?

आज पटना में पेट्रोल 114.55 रुपये प्रति लीटर है, जिसमें 1.18 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. वहीं डीजल 100.49 रुपये प्रति लीटर है, जो 1.13 रुपये महंगा हुआ है. बेंगलुरु में पेट्रोल 111.68 रुपये प्रति लीटर है, जिसमें 75 पैसे की बढ़ोतरी हुई है. वहीं डीजल 99.56 रुपये प्रति लीटर है, जिसमें 76 पैसे की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. वहीं, आज भुवनेश्वर में पेट्रोल 108.97 रुपये प्रति लीटर है, जो 1.52 रुपये सस्ता हुआ है. वहीं डीजल 100.68 रुपये प्रति लीटर है, जिसमें 1.47 रुपये की कमी आई है.

कच्चा तेल सस्ता हुआ, लेकिन क्यों नहीं घट रहे पेट्रोल-डीजल के दाम?

पिछले कुछ हफ्तों में मिडिल ईस्ट में तनाव कम होने और अमेरिका-ईरान के बीच सीजफायर के बाद ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतें तेजी से नीचे आई हैं. कुछ समय पहले कच्चा तेल करीब 120 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया था, लेकिन अब यह करीब 70-72 डॉलर प्रति बैरल के आसपास आ गया है. ऐसे में लोगों को उम्मीद थी कि पेट्रोल और डीजल भी सस्ता होगा, लेकिन अभी ऐसा नहीं होने वाला है.

सरकार ने क्या कहा?

पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने साफ कहा है कि अभी पेट्रोल और डीजल के दाम तुरंत कम करना संभव नहीं है. उन्होंने बताया कि आज जो पेट्रोल और डीजल पेट्रोल पंपों पर बिक रहा है, वह उस कच्चे तेल से बना है जिसे भारतीय रिफाइनरियों ने करीब दो महीने पहले खरीदा था. उस समय मिडिल ईस्ट में तनाव काफी ज्यादा था. कच्चा तेल महंगा था और उसके साथ बीमा और माल ढुलाई का खर्च भी बढ़ गया था. ऐसे में तेल कंपनियां अभी उसी महंगे तेल की लागत उठा रही हैं.

तेल कंपनियां कर रही नुकसान की भरपाई

सरकार के मुताबिक इंडियन ऑयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल जैसी सरकारी तेल कंपनियों को पेट्रोल, डीजल और एलपीजी बेचने में बड़ा नुकसान हुआ है. जून तिमाही तक इन कंपनियों का कुल नुकसान करीब 74,781 करोड़ रुपये रहा. इसी वजह से कंपनियां अभी पहले अपना नुकसान पूरा करना चाहती हैं. इसलिए फिलहाल कीमतों में कटौती की संभावना कम है.

पेट्रोल -डीजल कब सस्ता हो सकता है?

हरदीप सिंह पुरी का कहना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें अगले दो से तीन महीने तक इसी तरह कम बनी रहती हैं, तब पेट्रोल और डीजल के दाम घटाने पर विचार किया जा सकता है. यानी कुछ दिनों के लिए कच्चा तेल सस्ता होने से कीमतें कम नहीं होंगी. सरकार और तेल कंपनियां पहले यह देखना चाहती हैं कि सस्ता कच्चा तेल लंबे समय तक रहता है या नहीं.

मई में 11 दिन में चार बार बढ़े थे दाम

मई 2026 में सरकारी तेल कंपनियों ने सिर्फ 11 दिनों के अंदर चार बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए थे. इसके बाद पेट्रोल और डीजल करीब 7.5 से 8 रुपये प्रति लीटर तक महंगे हो गए थे. आखिरी बार 25 मई को कीमतों में बदलाव हुआ था और उसके बाद से दाम स्थिर बने हुए हैं.

देश में तेल की सप्लाई को लेकर चिंता नहीं

सरकार का कहना है कि इस समय भारत के पास करीब 76 से 80 दिनों की जरूरत के बराबर कच्चे तेल का भंडार मौजूद है. इसलिए फिलहाल देश में तेल की सप्लाई को लेकर किसी तरह की चिंता नहीं है.

Reactions

Post a Comment

0 Comments