राजस्थान के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी.मिलने जा रही है करोड़ों की सौगात...
देश मिलने जा रही है देश की पहली ग्रीनफील्ड रिफाइनरी,आज PM मोदी करेंगे लोकार्पण !
बालोतरा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 4 जुलाई को राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा पहुंचकर देश की पहली ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी राष्ट्र को समर्पित करेंगे. करीब 79,450 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस रिफाइनरी प्रोजेक्ट को न केवल राजस्थान बल्कि पूरे देश के ऊर्जा और पेट्रोकेमिकल क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है. प्रधानमंत्री मोदी अपने इस दौरे में करीब 1.06 लाख करोड़ रुपये की कई अन्य विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे.
पचपदरा रिफाइनरी का निर्माण हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) और राजस्थान सरकार के संयुक्त उपक्रम के तहत किया गया है. इस अत्याधुनिक परिसर की रिफाइनिंग क्षमता 9 मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष (एमएमटीपीए) है, जबकि इसकी पेट्रोकेमिकल उत्पादन क्षमता 2.4 मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष है. रिफाइनरी का नेल्सन कॉम्प्लेक्सिटी इंडेक्स 17.0 है, जो इसे दुनिया की आधुनिक और उच्च दक्षता वाली रिफाइनरियों की श्रेणी में शामिल करता है.
यहां कुल उत्पादन का 26 प्रतिशत से अधिक हिस्सा पेट्रोकेमिकल उत्पादों का होगा. यह परियोजना भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने, कच्चे तेल से जुड़े उत्पादों में आत्मनिर्भरता बढ़ाने और पेट्रोकेमिकल आयात पर निर्भरता कम करने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है. इसके साथ ही पचपदरा क्षेत्र में पेट्रोकेमिकल और प्लास्टिक पार्क विकसित होने का रास्ता भी खुलेगा, जिससे अनेक सहायक उद्योग स्थापित होंगे.
विशेषज्ञों के मुताबिक इससे हजारों की संख्या में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे और पश्चिमी राजस्थान के औद्योगिक तथा सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी. प्रधानमंत्री मोदी बालोतरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के विभिन्न विभागों में भर्ती हुए करीब 54 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपेंगे. इनमें शिक्षा, ऊर्जा, गृह, पंचायती राज, परिवहन, उच्च शिक्षा, कौशल विकास, कृषि, सूचना प्रौद्योगिकी और अन्य विभागों के चयनित अभ्यर्थी शामिल हैं.
इसके अलावा प्रधानमंत्री जयपुर मेट्रो के दूसरे चरण, चूरू-सादुलपुर और चूरू-रतनगढ़ रेल लाइन दोहरीकरण, जोधपुर रिंग रोड के नए चार लेन खंड, बीकानेर की 1000 मेगावाट और 300 मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजनाओं, राजस्थान नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र के लिए नई बिजली ट्रांसमिशन परियोजनाओं समेत कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे.
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी का यह कार्यक्रम पहले अप्रैल महीने में प्रस्तावित था, लेकिन 21 अप्रैल को शिलान्यास से महज एक दिन पहले ही रिफाइनरी में भीषण आग लग गई थी. आग लगने से रिफाइनरी के एक हिस्से को बड़ा नुकसान पहुंचा था. आग लगने की घटना की वजह से 21 अप्रैल का कार्यक्रम महज कुछ घंटे पहले ही स्थगित कर दिया गया था.


0 Comments