पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है ...
एयरफोर्स स्टेशन में तैनात जवान ने स्वयं गोली मार की आत्महत्या !
ग्वालियर। महाराजपुरा स्थित एयरफोर्स स्टेशन परिसर में शनिवार की सुबह सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात भारतीय सेना के एक जवान ने अपनी सर्विस राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। जवान ने राइफल की नाले को अपने पेट और सीने के बीच सटाकर ट्रिगर दबा दिया। एसएलआर 7.62 एसएलआर राइफल बर्स्ट मोड पर होने की वजह ट्रिगर दबते ही 6 गोलियां चली। जो जवान के पेट और सीने को चीरते हुए आर-पार निकल गयी। गोली चलने की आवाज सुनकर सभी जवान घटनास्थल पर पहुंचे। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मिलिट्री और स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुबह की शिफ्ट में तैनात था जवान इसेंद्र सिंह
महाराजपुरा थाना पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 41 वर्षीय इसेंद्र सिंह भदौरिया के रूप में हुई है। वह मूल रूप से भिंड जिले के रहने वाले थे और यूनिट 300 डीएससी प्लाटून में सिपाही (जीडी) के पद पर पदस्थ थे। शनिवार सुबह करीब 7:45 बजे उनकी ड्यूटी पोस्ट-25 एमएमपीयू पर गार्ड के रूप में लगी थी। उनके पास सरकारी 7.62 एसएलआर राइफल थी।
सुरक्षा पोस्ट पर कुल पांच जवान तैनात थे। तीन-तीन घंटे की शिफ्ट होने के कारण अन्य जवान पास के रेस्ट रूम में थे। ड्यूटी शुरू होने के कुछ देर बाद अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी। साथी जवान मौके पर पहुंचे तो इसेंद्र सिंह लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़े मिले। उन्हें तत्काल मिलिट्री हॉस्पिटल (एमएच) मुरार ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बड़े बेटे से विवाद की वजह बनी मौत
प्रारंभिक जांच और परिजन से पूछताछ में पता चला है कि इसेंद्र सिंह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे। उनकी पहली पत्नी का निधन हो चुका है। पुलिस के मुताबिक उनका बड़े बेटे से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। जिससे वह परेशान रहते थे। पुलिस मोबाइल फोन और अन्य तथ्यों की जांच कर आत्महत्या की वजहों का पता लगा रही है।
महाराजपुरा टीआई यशवंत गोयल ने बताया है कि एयरफोर्स स्टेशन में ड्यूटी पर तैनात डीएससी के जवान इसेंद्र सिंह भदौरिया ने अपनी सर्विस राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली है।मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गयी है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद की वजह से मानसिक तनाव की बात सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।


0 Comments