अयोध्या से सबरीमाला तक...
पहले भी भ्रष्टाचार के शिकार होते रहे हैं देश के बड़े एवं प्रसिद्ध मंदिर, बहुत लंबी है फेहरिस्त !
भगवान के चरणों में अर्पित भक्तों की गाढ़ी कमाई का एक-एक पैसा पवित्र है, और उसकी पवित्रता को बनाए रखने की जिम्मेदारी सीधे तौर पर मंदिर प्रबंधन की है. मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के दरबार में हुई कथित हेराफेरी की टीस अभी कम भी नहीं हुई थी कि केरल के सुप्रसिद्ध भगवान अयप्पा के पावन धाम, 'सबरीमाला मंदिर' में मूर्तियों के रिप्लेटिंग के दौरान सोने की बड़ी चोरी और आपराधिक साजिश का सनसनीखेज मामला सामने आ गया है. इस खबर ने करोड़ों सनातनी भक्तों को गहरे असमंजस और परेशानी में डाल दिया है.
अदालती हस्तक्षेप और विशेष जांच दल (SIT) के नए खुलासों ने यह साफ कर दिया है कि जहां भक्त अपनी गाढ़ी कमाई का अंश और अगाध श्रद्धा इन मंदिरों के चरणों में अर्पित करते हैं, वहीं कुछ भ्रष्ट तंत्र और रसूखदार लोग इस पवित्रता को कलंकित करने में जुटे हैं.
यह पहली बार नहीं है जब देश के किसी बड़े और अमीर मंदिर की सुरक्षा या उसकी संपत्तियों के रख-रखाव पर उंगलियां उठी हैं. इतिहास गवाह है कि भारत के कई अन्य ऐतिहासिक और वीआईपी मंदिरों पर भी अतीत में सोने, बेशकीमती आभूषणों और करोड़ों की नकदी के गायब होने या हेराफेरी के संगीन आरोप लग चुके हैं.
देश के उन बड़े मंदिरों में इस तरह के विवादों ने समय-समय पर पूरे देश को झकझोर कर रख दिया.
श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर (केरल)
मई 2026 में लीक हुई केरल पुलिस की खुफिया रिपोर्ट के अनुसार, मंदिर की सुरक्षा में बड़ी चूक और कुप्रबंधन की बात सामने आई है. श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाया गया 78 ग्राम सोना (बिस्कुट और सिक्के) और गर्भगृह से भगवान का बहुमूल्य हीरा जड़ित आभूषण 'वैरा नामा' कई महीनों से गायब है. मंदिर के एक बहुस्तरीय सोने के दीपक (गोल्ड लैंप) को बिना किसी कागजी रिकॉर्ड के चांदी के दीपक से बदल दिया गया. (इससे पहले 2017 में भी सुप्रीम कोर्ट के न्यायमित्र ने मंदिर से 21 लाख रुपये के 8 प्राचीन हीरे गायब होने की रिपोर्ट दी थी).
तिरुपति बालाजी मंदिर (आंध्र प्रदेश)
मंदिर प्रबंधन (TTD) के एक कर्मचारी को सीसीटीवी पर पैसे की हेराफेरी करते रंगे हाथों पकड़ा गया था. आरोप है कि मंदिर में 100 करोड़ रुपये से अधिक का घोटाला हुआ, जिसके पैसों को रियल एस्टेट में इन्वेस्ट किया गया. आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट के आदेश पर इसकी CID जांच चल रही है. पूर्व मुख्य पुजारी द्वारा मंदिर का बेशकीमती 'गुलाबी हीरा' गायब होने का आरोप भी लंबे समय तक राजनीतिक बहस का हिस्सा रहा.
कनक दुर्गा मंदिर (विजयवाड़ा)
नकली सोने से अदला-बदली: मार्च 2026 में दान पेटी (हुंडी) की गिनती के दौरान काउंटिंग रूम से एक हैरान करने वाला मामला आया. कुछ सेवादारों और कर्मचारियों ने श्रद्धालुओं के चढ़ाए असली सोने के आभूषणों को 'रोल्ड गोल्ड' (नकली सोने) से बदलने की कोशिश की, जिन्हें पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया.
पुरी जगन्नाथ मंदिर (ओडिशा),रत्न भंडार की चाबियों और सोने का विवाद
साल 2018 में यह खुलासा हुआ कि पुरी जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार के अंदरूनी कक्ष की चाबियां गायब हो गई हैं, जिसके बाद पूरे देश में बवाल मच गया कि क्या अंदर का सोना सुरक्षित है. इसके बाद, साल 2024 और 2025 में जब हाईकोर्ट के आदेश पर दशकों बाद रत्न भंडार को दोबारा खोला गया, तो कई प्राचीन आभूषणों के गायब होने और सोने के वजन में अंतर के आरोप विपक्ष और सेवादारों द्वारा लगाए गए.
पलानी मुरुगन मंदिर (तमिलनाडु), मूर्ति बनाने में सोने की चोरी
साल 2018 में तमिलनाडु की पुलिस ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया. आरोप था कि साल 2003-04 में भगवान मुरुगन की एक नई उत्सव मूर्ति बनाने के लिए भक्तों ने 200 किलो सोना दान किया था. लेकिन जांच में पता चला कि मूर्ति में तय मात्रा के मुकाबले सोना इस्तेमाल ही नहीं हुआ और करोड़ों रुपये का सोना अधिकारियों और मूर्तिकारों ने मिलकर गायब कर दिया. इस मामले में कई बड़े सरकारी अधिकारियों को गिरफ्तार भी किया गया था.
इडुम्बन मंदिर, पलानी (तमिलनाडु),स्टॉक चेकिंग में सोने-चांदी की हेराफेरी
मई 2026 में मंदिर के नए नियुक्त कार्यकारी अधिकारी ने जब चार्ज संभालकर स्टॉक का वेरिफिकेशन किया, तो सरकारी खातों और तिजोरी में रखे सोने के बीच बड़ा मिसमैच (अंतर) मिला. जांच में सामने आया कि रिकॉर्ड में दर्ज आभूषणों में से करीब 17.75 सवेरिन (लगभग 142 ग्राम) सोना और भक्तों द्वारा चढ़ाया गया 52 ग्राम का चांदी का पवित्र भाला (वेल) गायब है. इस गंभीर धोखाधड़ी के सामने आने के बाद पलानी टाउन पुलिस ने 30 मई को आपराधिक केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
सिद्धिविनायक मंदिर, मुंबई (महाराष्ट्र), दान पेटी की राशि में सेंधमारी
मार्च 2026 में मंदिर प्रशासन के भीतर चल रही एक बड़ी धांधली का भंडाफोड़ हुआ. सीसीटीवी कैमरों की रूटीन मॉनिटरिंग के दौरान सुबह के समय पुजारियों के कक्ष में रखी दान पेटियों के पास कुछ कर्मचारियों की संदिग्ध गतिविधियां देखी गईं. गहन छानबीन में दादर पुलिस ने पाया कि मंदिर के ही कुछ भरोसेमंद सुरक्षाकर्मी और स्टाफ पिछले कई महीनों से हर दिन चढ़ावे की रकम से करीब 10,000 रुपये पार कर रहे थे. फुटेज के आधार पर रंगेहाथ सबूत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू की.
'स्टडी टूर' के नाम पर मंदिर के फंड की फिजूलखर्ची
2018 में मंदिर के खातों की आंतरिक ऑडिट में सामने आया कि तत्कालीन ट्रस्टियों ने जनवरी 2015 से अगस्त 2016 के बीच नियमों को ताक पर रखकर 'स्टडी टूर' (अध्ययन यात्राओं) के नाम पर भक्तों के चढ़ावे से 12 लाख रुपये से अधिक उड़ा दिए, जबकि मंदिर ट्रस्ट के कानून में ऐसे खर्चों का कोई प्रावधान ही नहीं है. समिति ने सबूतों के साथ आरोप लगाया कि एक पूर्व ट्रस्टी ने मिराज के कैंसर अस्पताल के दौरे के नाम पर मंदिर के पैसे से गोवा के आलीशान होटल का बिल चुकाया. इसके अलावा सरकारी योजनाओं के निरीक्षण के नाम पर भी मंदिर के पैसों से ऐसी अनावश्यक यात्राएं की गईं, जिनका बजट पहले से सरकार के पास था. इस वित्तीय हेराफेरी के खिलाफ समिति ने कानून मंत्रालय से शिकायत कर आंदोलन की चेतावनी दी थी.
गुरुवायूर मंदिर (केरल),ऑडिट में सोने के सिक्कों और कीमती सामानों के गायब होने का खुलासा
लोकल फंड ऑडिट विभाग की जांच रिपोर्ट में मंदिर के खजाने को लेकर एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ. ऑडिट में सामने आया कि भक्तों द्वारा भगवान को चढ़ाए गए सोने और चांदी के 25 करोड़ की वस्तुओं के गायब होने का मामला सामने आया, कई कीमती सामान, लॉकेट और सिक्के मंदिर के स्टॉक रजिस्टर (रिकॉर्ड) से गायब थे. रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों की लापरवाही के कारण गायब हुए इन बेशकीमती सामानों का कोई सही हिसाब-किताब प्रशासन के पास नहीं था. इसके अलावा मंदिर के स्वामित्व वाली करोड़ों रुपये की जमीनों के दस्तावेजों में भी भारी हेराफेरी और लापरवाही की बात सामने आई, जिसके बाद मंदिर बोर्ड के प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े हुए.
भारत के केवल शीर्ष 10 सबसे अमीर मंदिरों की संयुक्त संपत्ति 9 लाख करोड़ रुपये से अधिक है...
वैश्विक स्तर पर तिरुपति का डंका: 'ग्लोबल वेल्थ इंडेक्स-2026' के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, आंध्र प्रदेश का तिरुपति बालाजी मंदिर करीब 3.38 लाख करोड़ रुपये की नेटवर्थ के साथ दुनिया का तीसरा सबसे अमीर धार्मिक स्थल बन चुका है.
कई देशों की जीडीपी से बड़ी इकोनॉमी: IMF और विश्व बैंक की रिपोर्ट बताती है कि अकेले तिरुपति मंदिर की संपत्ति साइप्रस, आइसलैंड और एस्टोनिया जैसे दुनिया के लगभग 100 छोटे देशों की कुल जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) से भी ज्यादा है.
रोजाना का चढ़ावा: तिरुपति में हर दिन औसतन 1 से 5 करोड़ रुपये का दान आता है. उदाहरण के लिए, इसी साल 17 मार्च 2026 को महज एक दिन में रिकॉर्ड 4.88 करोड़ रुपये का चढ़ावा आया था.
स्वर्ण मंदिर की सालाना आय: अमृतसर के पवित्र श्री हरमंदर साहिब (स्वर्ण मंदिर) की वार्षिक आय लगभग 1,260 करोड़ रुपये है.
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर (अयोध्या) की वित्तीय स्थिति
पिछले दो वर्षों में अयोध्या के श्रीराम मंदिर के राजस्व (कमाई) में भारी उछाल आया है. मंदिर ट्रस्ट के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2023-24 में मंदिर को कुल 376 करोड़ रुपये की आय हुई. मंदिर की आय का मुख्य स्रोत भक्तों द्वारा दिया जाने वाला दान और बैंक में जमा पैसों पर मिलने वाला ब्याज है. मंदिर ट्रस्ट के पास 70 एकड़ का मुख्य परिसर और उसके आसपास की बड़ी अधिग्रहित जमीन भी शामिल है.
भगवान जगन्नाथ मंदिर (पुरी),जमीन के 'जमींदार'
पुरी के प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर के नाम पर 60,000 एकड़ से अधिक भूमि दर्ज है. यह विशाल जमीन ओडिशा के 30 में से 24 जिलों में फैली हुई है. ओडिशा के अलावा देश के 6 अलग-अलग राज्यों में भी मंदिर की 395 एकड़ जमीन मौजूद है.
श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर (केरल),प्राचीन खजाने का राजा
केरल का यह मंदिर प्राचीन और गुप्त खजाने के मामले में पूरी दुनिया में पहले नंबर पर आता है. इस मंदिर की 99% संपत्ति ऐतिहासिक खजाने के रूप में है, जिसमें सोने की मूर्तियां, प्राचीन सिक्के और बेशकीमती हीरे शामिल हैं. इस गुप्त खजाने की कुल कीमत 2 लाख करोड़ रुपये से भी कहीं ज्यादा आंकी गई है.
मीडिया रिपोर्ट्स एवं सूत्रों के अनुसार किस मंदिर के पास कितना सोना है इस चार्ट के अनुसार समझते हैं
मंदिर का नाम अनुमानित स्वर्ण भंडार
- श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर (केरल) 1,500 टन
- तिरुपति बालाजी मंदिर (आंध्र प्रदेश) 11.3 टन
- माता वैष्णो देवी मंदिर (जम्मू-कश्मीर) 1.2 टन
- काशी विश्वनाथ मंदिर (वाराणसी) 940 किलो
- श्री हरमंदर साहिब / स्वर्ण मंदिर (अमृतसर) 900 किलो
- साईं बाबा मंदिर (शिरडी) 400 किलो
- सिद्धि विनायक मंदिर (मुंबई) 160 किलो
- सोमनाथ मंदिर (गुजरात) 160 किलो
- जगन्नाथ मंदिर (पुरी) 130 किलो
- श्रीराम जन्मभूमि मंदिर (अयोध्या) 60 किलो (अनुमानित)
चाहे सुदूर दक्षिण का सबरीमाला और गुरुवायूर मंदिर हो, या फिर करोड़ों सनातनी आस्था का केंद्र अयोध्या का श्रीराम मंदिर और मुंबई का सिद्धिविनायक धाम, इन सभी पावन स्थलों से आने वाली हेराफेरी की खबरें सिर्फ वित्तीय अनियमितताओं का मामला नहीं बल्कि, यह सीधे तौर पर करोड़ों श्रद्धालुओं की उस अटूट आस्था और भरोसे पर विश्वासघात है, जिसके तहत वे अपनी गाढ़ी कमाई का एक अंश ईश्वर के चरणों में समर्पित करते हैं.
पद्मनाभस्वामी से लेकर तिरुपति और सबरीमाला तक के उदाहरण गवाह हैं कि जहां अकूत संपत्ति होगी, वहां सुरक्षा में चूक और मानवीय लालच की गुंजाइश बनी रहेगी. भगवान के चरणों में अर्पित भक्तों की गाढ़ी कमाई का एक-एक पैसा पवित्र है, और उसकी पवित्रता को बनाए रखने की जिम्मेदारी सीधे तौर पर प्रबंधन की है. ऐसे में पारंपरिक ढर्रे को पीछे छोड़कर 'स्मार्ट टेक्नोलॉजी' और पारदर्शी 'डिजिटल ऑडिट' को अनिवार्य किया जाना चाहिए, क्योंकि जब तक दान-पात्रों के प्रबंधन में शत-प्रतिशत पारदर्शिता नहीं आएगी, तब तक राजनीति को आस्था पर प्रहार करने और भक्तों के भरोसे को झकझोरने का मौका मिलता रहेगा.


0 Comments