G News 24 : नीट पेपर लीक के नाम पर राहुल-प्रियंका और अखिलेश ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा !

 काले कपड़ों में संसद पहुंचा विपक्ष...

नीट पेपर लीक के नाम पर राहुल-प्रियंका और अखिलेश ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा !

नीट पेपर लीक, छात्रों पर लाठीचार्ज और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव समेत विपक्षी सांसद काले कपड़े पहनकर संसद में विरोध प्रदर्शन करते नजर आए।

नीट पेपर लीक के मुद्दे को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेता काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया।

छात्रों की मांगें जायज: प्रियंका गांधी

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि छात्रों की मांगें जायज हैं। वे अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने कहा, 'शिक्षा का बजट 1.4 लाख करोड़ रुपए है, लेकिन आप अडानी और अंबानी के 16 लाख करोड़ रुपए के कर्ज माफ कर रहे हैं। छात्रों का संघर्ष जायज है। वे बदलाव की मांग कर रहे हैं। बार-बार पेपर लीक हो रहे हैं। शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन में कुछ भी अलोकतांत्रिक नहीं है, लेकिन छात्रों के साथ और संसद में जो हो रहा है, वह अलोकतांत्रिक है।'

कांग्रेस अध्यक्ष बोले- यह लोकतांत्रिक सरकार नहीं

कल लोक कल्याण मार्ग (LKM) के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन और नेताओं की पुलिस हिरासत को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'मैंने कल ही कहा था कि यह लोकतांत्रिक सरकार नहीं है। ये तानाशाही की तरह काम कर रहे हैं। वे सांसदों का सम्मान नहीं करते। नियमों के अनुसार प्रदर्शन करने वालों को भी परेशान किया जाता है।'

खरगे ने आरोप लगाया कि भाजपा-आरएसएस के कार्यकर्ता बिना बैज के पुलिस के बीच काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों और कांग्रेस नेताओं को डराने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा, 'अगर आप हमारे वरिष्ठ नेताओं को दबाने की कोशिश करेंगे तो लाखों लोग खड़े हो जाएंगे। तब आप उन्हें नियंत्रित नहीं कर पाएंगे।'

Reactions

Post a Comment

0 Comments