मध्यप्रदेश पुलिस का ‘‘सेफ क्लिक 2.0’’ अभियान ...
साइबर अपराधियों के मंसूबों पर जागरूकता की चोट,जन-जन तक दिया डिजिटल सुरक्षा का संदेश !
ग्वालियर। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित प्रदेशव्यापी विशेष साइबर जागरूकता अभियान ‘‘सेफ क्लिक 2.0‘‘ के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह (भापुसे) के निर्देशन एवं अभियान के नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजावल जग्गा (भापुसे) के मार्गदर्शन में गुरूवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों, व्यावसायिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर हजारों विद्यार्थियों, शिक्षकों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं आमजनों को साइबर अपराधों के नवीन तरीकों, उनसे बचाव के उपाय तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के संबंध में जागरूक किया गया।
सेफ क्लिक 2.0 साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत थाना विश्वविद्यालय पुलिस द्वारा द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) ग्वालियर ब्रांच के सहयोग से ’’सीए वॉकाथॉन’’ का आयोजन किया गया। वॉकाथॉन में बालभवन ग्वालियर से आईसीएआई कार्यालय तक जागरूकता रैली निकाली गई, जिसका उद्देश्य आमजन, पेशेवर वर्ग एवं युवाओं को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुजावल सिंह जग्गा (भा.पु.से.) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर आईसीएआई ग्वालियर ब्रांच के पदाधिकारी, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, कर्मचारी एवं स्टाफ ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर साइबर सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
एएसपी सुजावल जग्गा(भापुसे) ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी लोगों की छोटी-सी असावधानी का लाभ उठाकर उन्हें आर्थिक एवं मानसिक नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, बैंक पिन, पासवर्ड अथवा अन्य व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें, अनजान व्यक्तियों द्वारा भेजे गए मैसेज, कॉल अथवा सोशल मीडिया लिंक पर विश्वास न करें तथा किसी भी संदिग्ध ग्रुप या एप्लीकेशन से दूरी बनाए रखें। उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है तो वह तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करे तथा राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराए। साथ ही सभी से सोशल मीडिया पर साइबर दोस्त हैंडल को फॉलो करने एवं साइबर सुरक्षा संबंधी प्रमाणिक जानकारी प्राप्त करने की अपील की।
इसी क्रम में थाना कंपू पुलिस द्वारा ग्वालियर ग्लोरी स्कूल, शिवपुरी लिंक रोड, कंपू में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुजावल सिंह जग्गा (भा.पु.से.), थाना प्रभारी कंपू श्री अमर सिंह सिकरवार सहित थाना कंपू का पुलिस बल उपस्थित रहा। कार्यक्रम में विद्यालय के डायरेक्टर, प्राचार्य, शिक्षकगण तथा लगभग 500 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर विद्यार्थियों को विशेष रूप से ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड के बढ़ते खतरों के प्रति जागरूक किया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जग्गा ने बताया कि साइबर अपराधी फ्री डायमंड, गेमिंग कॉइन्स, प्रीमियम स्किन्स, रिवॉर्ड, हैक टूल्स एवं गेम लेवल अपग्रेड का लालच देकर बच्चों को अपने जाल में फंसाते हैं। उन्होंने कहा कि कई बार अपराधी गेमिंग चौट अथवा सोशल मीडिया के माध्यम से फर्जी लिंक भेजकर मोबाइल हैक कर लेते हैं तथा बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी प्राप्त कर आर्थिक धोखाधड़ी को अंजाम देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि केवल आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही गेम डाउनलोड करें, बिना अभिभावकों की अनुमति के कोई ऑनलाइन भुगतान न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षकों अथवा पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन गेम मनोरंजन का माध्यम है, लेकिन थोड़ी-सी लापरवाही बड़े साइबर अपराध का कारण बन सकती है।
माधव विधि महाविद्यालय, ग्वालियर में आयोजित साइबर जागरूकता कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुमन गुर्जर ने छात्र-छात्राओं को डिजिटल युग में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों से अवगत कराया। उन्होंने फिशिंग, फर्जी लिंक, ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, सोशल मीडिया फ्रॉड, फेक जॉब ऑफर, ऑनलाइन गेमिंग एवं निवेश संबंधी ठगी के तरीकों की विस्तार से जानकारी देते हुए उनसे बचाव के प्रभावी उपाय बताए।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, सीवीवी, बैंक खाते की जानकारी अथवा पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या ऑनलाइन गतिविधि की तत्काल सूचना राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं साइबर क्राइम पोर्टल पर दें। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने विद्यार्थियों से सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने का आह्वान करते हुए सेफ क्लिक 2.0 अभियान से जुड़कर अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।
इसी प्रकार जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी सेफ क्लिक 2.0 अभियान के अंतर्गत साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें आमजन, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों को साइबर अपराधों के नवीन तरीकों, उनसे बचाव के उपाय तथा डिजिटल सुरक्षा के महत्व की जानकारी देकर जागरूक किया गया। ग्वालियर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर अपराधों के विरुद्ध जागरूकता फैलाकर सुरक्षित डिजिटल समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएं।


0 Comments