G News 24: भाजपा को रिकॉर्ड मतों से विजय दिलाने के लिए पूरी ताकत से जुटें कार्यकर्ता : श्रीखण्डेलवाल

दतिया का उपचुनाव राजा और रंक के बीच का चुनाव है...

भाजपा को रिकॉर्ड मतों से विजय दिलाने के लिए पूरी ताकत से जुटें कार्यकर्ता : श्रीखण्डेलवाल

 
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने सोमवार को दतिया कलेक्ट्रेट में पार्टी प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी का नामांकन-पत्र दाखिल कराने के पश्चात किला चौक पर आयोजित विशाल जनसभा को किया संबोधित ...

दतिया/भोपाल, 13/07/2026/  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने सोमवार को दतिया कलेक्ट्रेट पहुंचकर दतिया विधानसभा उपचुनाव में पार्टी के प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी का नामांकन-पत्र दाखिल कराया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किला चौक पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि दतिया का चुनाव एक सामान्य चुनाव नहीं रह गया है। दतिया का उपचुनाव राजा और रंक के बीच का चुनाव है। 

कांग्रेस ने राज परिवार से प्रत्याशी मैदान में उतारा है, जबकि भाजपा से गरीब परिवार के सामान्य कार्यकर्ता श्री आशुतोष तिवारी चुनावी मैदान में हैं। कांग्रेस को उनकी जमीन नहीं पता, लेकिन आसमान खरीदने की बात करते हैं। कांग्रेस पार्टी मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों में दशकों से गायब हैं। इसके बावजूद भी कांग्रेस पार्टी और उसका गांधी परिवार जनता को भ्रम में रखने का प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस विकास की बजाय जनता को जाति-धर्म के नाम पर बांटने का कार्य करती है। आप पार्टी प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी को अपना आशीर्वाद देकर ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाएं, मैं विश्वास दिलाता हूं कि दतिया के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। 

पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा के नेतृत्व में भाजपा जीत का नया इतिहास लिखेगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि दतिया की जनता विकास, सुशासन और भाजपा की कल्याणकारी नीतियों के साथ खड़ी है। आप सभी भाजपा को आशीर्वाद दें, दतिया को प्रगति, समृद्धि के शिखर तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि आप सभी भाजपा को रिकॉर्ड मतों से विजय दिलाने के लिए पूरी ताकत से जुट जाएं। वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने भावुक होते हुए कहा कि 20 साल पहले दतिया में तांगे चलते थे, आज हवाई जहाज चल रहे हैं। 

यह विकास प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा की सरकारों ने किए हैं। मैं दतिया के हर दरवाजे पर जाऊंगा और पार्टी प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने के लिए कार्य करूंगा। मैं और दतिया का हर एक कार्यकर्ता श्री आशुतोष तिवारी को विजयी बनाने के लिए अपना सीना अड़ाकर खड़े हैं। इस दौरान पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, मध्यप्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा, मंत्री श्री राकेश शुक्ला मंचासीन रहे। जनसभा को प्रदेश शासन के मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह, श्री एंदल सिंह कंसाना, अपेक्स बैंक के प्रशासक श्री महेंद्र यादव, पूर्व निगम अध्यक्ष श्री शैतान पाल सिंह ने भी संबोधित किया। पीतांबरा माई और महाकाल के आशीर्वाद से दतिया में बहेगी विकास की अविरल धारा- डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस और उनकी मानसिकता जमीन पर टिकती ही नहीं है। कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं को अपनी जमीन पता नहीं है और आसमान खरीदने की बात करते हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश समेत पूरा देश हर क्षेत्र में तेजी से विकास कर रहा है। कांग्रेस में हमेशा व्यक्तिवाद और आपसी फूट रही है, जिसका उदाहरण है कि कांग्रेस के मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर उनके ही प्रदेश अध्यक्ष ने गंभीर आरोप लगाए हैं। भारतीय जनता पार्टी में परिवारभाव है। कोई भी चुनाव हो, हमारा प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ता है और विजयी होता है। जब एक देश, एक निशान, एक संविधान और एक राष्ट्रगान हमारी पहचान है, तो सभी नागरिकों के लिए समान कानून पर चर्चा से परहेज क्यों। कांग्रेस समान नागरिक संहिता पर चर्चा करने को तैयार नहीं है। कांग्रेस विकास के बजाय जाति और धर्म के आधार पर समाज को बांटने का कार्य करती है। कांग्रेस शासनकाल के दौरान मध्यप्रदेश के कई क्षेत्र डाकुओं और नक्सली गतिविधियों से प्रभावित थे। लोगों में भय का वातावरण था, लेकिन भाजपा सरकार ने सख्त कार्रवाई कर डकैत और नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया। भाजपा सरकार ने प्रदेश में शांति, सुरक्षा और सुशासन का वातावरण बनाया है।

डॉ. नरोत्तम मिश्रा के प्रयासों से दतिया विकास का मॉडल बना  

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि दतिया का जो भी विकास हुआ है, वह पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा और भाजपा सरकार की ही देन है। भाजपा डॉ. नरोत्तम मिश्रा के नेतृत्व में दतिया का उपचुनाव लड़ रही है और ऐतिहासिक विजय प्राप्त करेगी। कांग्रेस ने वर्ष 1956 से लेकर सालों-साल मध्यप्रदेश पर राज किया, लेकिन जनता को पिछड़ेपन के अलावा कुछ नहीं दिया। साल 2003 तक मध्यप्रदेश में प्रति व्यक्ति आय बेहद सीमित थी, लेकिन जब से प्रदेश में भाजपा का कमल खिला है, तब से आज प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 1 लाख 69 हजार रुपये तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा गरीबों के मसीहा हैं। पहले का दतिया और आज के दतिया में जमीन-आसमान का अंतर है। कांग्रेस के राज में यहां डाकू और भय का माहौल था, लेकिन भाजपा सरकार और डॉ. नरोत्तम मिश्रा के प्रयासों से आज दतिया को नया मेडिकल कॉलेज, अत्याधुनिक नया कलेक्टर भवन और शानदार इंफ्रास्ट्रक्चर मिला है। दतिया आज विकास का एक बेहतरीन मॉडल बन चुका है। उन्होंने कहा कि विरोधी बहुत चालाक हैं, वह आँखों में धूल झोंकने का काम करते हैं। 


दतिया की जनता कांग्रेस से पिछले ढाई साल का हिसाब मांगे

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पिछले ढाई साल से दतिया में कांग्रेस के विधायक थे, उन्होंने दतिया के लिए क्या किया, जनता को कांग्रेस पार्टी और उनके नेताओं से पिछले ढाई साल का हिसाब लेना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए आईटी, सेमीकंडक्टर और डिफेंस पार्क जैसे क्षेत्रों में 40 हजार करोड़ से अधिक का निवेश ला रही है। गुना, शिवपुरी और दतिया समेत पूरे अंचल का कायाकल्प हमारी प्राथमिकता है। बाबा महाकाल और पीतांबरा माई के आशीर्वाद से भाजपा सनातन संस्कृति को आगे बढ़ा रही है। अयोध्या, बनारस और उज्जैन की तरह मध्यप्रदेश में जहां भी भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के चरण पड़े हैं, उन सभी स्थानों को तीर्थ स्थल बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ंडॉ. मोहन यादव ने जनता से दोनों हाथ ऊपर उठवाकर भारत माता के जयकारे लगवाए और डॉ. नरोत्तम मिश्रा के कुशल मार्गदर्शन में दतिया उपचुनाव में भाजपा को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाने का संकल्प दिलाया।

भाजपा की जीत से दतिया फिर विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा :श्री हेमंत खण्डेलवाल

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि दतिया की पावन भूमि पर उमड़ा जनसैलाब इस बात का स्पष्ट संदेश है कि जनता एक बार फिर विकास, सुशासन और भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों के साथ मजबूती से खड़ी है। भाजपा प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी एक समर्पित, कर्मठ और संगठननिष्ठ कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने जनसेवा और पार्टी की विचारधारा को अपना जीवन समर्पित किया है। उन्हें मिलने वाला प्रत्येक मत दतिया के उज्ज्वल भविष्य, तेज विकास और सशक्त जनप्रतिनिधित्व का आधार बनेगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर नई पहचान स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश उद्योग, कृषि, स्वास्थय, शिक्षा, आधारभूत संरचना और निवेश जैसे सभी क्षेत्रों में निरंतर नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार होने का सीधा लाभ दतिया को मिलेगा और विकास परियोजनाओं को अभूतपूर्व गति प्राप्त होगी। पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने अपने कार्यकाल में दतिया को मेडिकल कॉलेज, आधुनिक स्वास्थय सुविधाएं, उत्कृष्ट सड़क नेटवर्क, शिक्षा के बेहतर अवसर तथा आधारभूत संरचना जैसी अनेक ऐतिहासिक सौगातें दीं हैं। अब आवश्यकता इन विकास कार्यों को नई गति देने और उन्हें आगे बढ़ाने की है। भाजपा प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी की विजय से दतिया की आवाज सरकार में प्रभावी होगी तथा क्षेत्र के रुके हुए विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ेंगे।

भाजपा को रिकॉर्ड मतों से विजय दिलाने के लिए पूरी ताकत से जुटें कार्यकर्ता

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। भाजपा हमेशा कार्यकर्ताओं के सम्मान और जनता की सेवा के संकल्प के साथ कार्य करती है। कार्यकर्ता आज से ही बूथ स्तर तक सक्रिय होकर भाजपा सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाएं तथा रिकॉर्ड मतों से भाजपा की विजय सुनिश्चित करने के लिए पूरी शक्ति और समर्पण के साथ जुट जाएं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार लगातार जनहित और विकास के लिए कार्य कर रही है। दतिया की जनता की अपेक्षाओं को पूरा करना भाजपा की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जनता के सहयोग और आशीर्वाद से श्री आशुतोष तिवारी भारी बहुमत से विजयी होंगे और उनके नेतृत्व में दतिया विकास की नई बुलंदियों को स्पर्श करेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने और जरूरतमंदों के आंसू पोंछने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। हम सब मिलकर श्री आशुतोष तिवारी को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाएंगे, विकास के पहिये को और तेज गति देंगे तथा दतिया को प्रगति, समृद्धि और नई संभावनाओं के शिखर तक पहुंचाएंगे। उन्होंने दतिया की जनता से अपील करते हुए कहा कि यह उपचुनाव केवल एक विधानसभा सीट का चुनाव नहीं, बल्कि दतिया के विकास की निरंतरता, क्षेत्र की सशक्त आवाज और उज्ज्वल भविष्य का चुनाव है। जनता के आशीर्वाद से भाजपा प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी रिकॉर्ड मतों से विजयी होंगे और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा के मार्गदर्शन में दतिया विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

दतिया में 55 साल तक कांग्रेस के विधायक होते रहे, क्षेत्र के लिए कुछ नहीं किया:डॉ. नरोत्तम मिश्रा

भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने जनसभा में भावुक होते हुए कहा कि यह चुनाव विकास, जनसेवा और सुशासन की विचारधारा को आगे बढ़ाने का है। दतिया विधानसभा का उपचुनाव भाजपा और कांग्रेस के बीच तो है ही, यह चुनाव अब राजा और रंक के बीच का है। कांग्रेस के उम्मीदवार राजघराने से आते हैं। वह चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं और हमारी पार्टी के प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी गरीब घर से आते हैं और उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज और राष्ट्र की सेवा को समर्पित किया है। हम श्री आशुतोष तिवारी को चुनाव जिताने के लिए दतिया के एक-एक कार्यकर्ता को साथ लेकर सीना अड़ाकर खड़े हैं। श्री तिवारी को विजयी बनाने के लिए अपने प्राण झोंक देंगे, 16 जुलाई से यहीं डेरा डालेंगे। कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी पहले यहां से विधायक रहे हैं, इसके पहले उनके पिता भी दतिया से विधायक रह चुके हैं। दतिया में 55 साल तक कांग्रेस के विधायक रहे हैं, लेकिन विकास के नाम पर कोई कार्य नहीं किया। मैं तो कांग्रेस पार्टी और उनके प्रत्याशी को कहता हूं कि कांग्रेस भी अपने विकास कार्यों के नाम पर वोट मांगे और मैं भी अपने विकास कार्यों के अधार पर जनता का आशीर्वाद मांगूंगा। लेकिन कांग्रेस विकास के नाम पर वोट नहीं मांग रही, जानते हैं क्यों, क्योंकि जिस कांग्रेस पार्टी को दतिया ने 55 साल तक विधायक बनाए रखा, वहां कांग्रेस ने विकास का कोई कार्य नहीं किया।

भाजपा कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और संघर्ष की परंपरा का वाहक है

भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और संघर्ष की परंपरा का वाहक है। इसी कार्यकर्ता परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्री आशुतोष तिवारी भी निरंतर संगठन और जनता के बीच रहकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘चरैवेति‘ सिद्धांत को अपने जीवन में आत्मसात किया है और एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में जनता की सेवा कर रहे हैं। भाजपा अपने कार्यों और विकास के आधार पर जनता से आशीर्वाद मांग रही है, जबकि कांग्रेस केवल भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। भाजपा सरकार ने दतिया में मेडिकल कॉलेज, आधुनिक अस्पताल, बेहतर सड़कें, शिक्षा, स्वास्थय और आधारभूत सुविधाओं सहित अनेक ऐतिहासिक विकास कार्य किए हैं। भाजपा सरकार के प्रयासों से दतिया विकास और शांति की नई पहचान बना है। पार्टी प्रत्यााशी श्री आशुतोष तिवारी की जीत से दतिया की आवाज प्रदेश सरकार तक और अधिक मजबूती से पहुंचेगी तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने दतिया की जनता से भाजपा प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा की जीत दतिया के विकास, सुशासन और जनकल्याण की जीत होगी।

भगवान स्वरूप जनता की सेवा के लिए अपने बेटे आशुतोष को आशीर्वाद दें: श्री आशुतोष तिवारी

भाजपा के प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी ने कहा कि दतिया की देवतुल्य जनता का बेटा हूं। भगवान स्वरूप जनता की सेवा के लिए मुझे भाजपा ने दतिया उपचुनाव में प्रत्याशी बनाया है। आप सभी अपना आशीर्वाद प्रदान कर भाजपा को विजयी बनाएं। जब तक मेरी जान है, दतिया की देवतुल्य जनता की सेवा करता रहूंगा। आज मुझे आशीर्वाद प्रदान करने के लिए मध्यप्रदेश भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता यहां मौजूद हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी देश को विकसित भारत बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार प्रदेश को विकसित प्रदेश बनाने के लिए कार्य कर रही है। आप सभी मध्यप्रदेश के साथ दतिया को विकसित दतिया बनाने के लिए कमल के फूल को अपना आशीर्वाद दें। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि जनता की सेवा में कोई कसर नहीं छोड़ूंगा। आप सभी प्रधानमंत्री जी के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए कमल के फूल को विजयी बनाएं।

ये रहे मौजूद 

इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री रणवीर सिंह रावत, श्री शैलेन्द्र बरूआ, प्रदेश महामंत्री श्री राहुल कोठारी, प्रदेश मंत्री श्रीमती अर्चना सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री आशीष उषा अग्रवाल, संभाग प्रभारी श्री अभय यादव, सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर, श्रीमती संध्या राय, श्री भारत सिंह कुशवाहा, मप्र कुक्कुट विकास निगम के अध्यक्ष श्री केशव सिंह बघेल, महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान के अध्यक्ष श्री कौशल शर्मा, पूर्व मंत्री श्रीमती इमरती देवी, जिला अध्यक्ष श्री रघुवीर कुशवाहा, श्री गजेंद्र सिकरवार, श्री अभय चौधरी, विधायक श्री मोहन सिंह राठौड़, श्री प्रदीप अग्रवाल, श्री अंबरीश शर्मा, पूर्व विधायक व प्रदेश प्रवक्ता श्री घनश्याम पिरोनिया सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Reactions

Post a Comment

0 Comments