आईजी ग्वालियर ने पुलिस लाइन का किया वार्षिक निरीक्षण...
IG ने दरबार लगाकर पुलिस कर्मियों की सुनी समस्याऐं,संबन्धित अधिकारिओं को निराकरण के दिए निर्देश !
ग्वालियर। पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन अरविन्द कुमार सक्सेना(भापुसे) ने मंगलवार को ग्वालियर जिले के वार्षिक निरीक्षण के अंतर्गत पुलिस लाइन ग्वालियर का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस परेड की सलामी लेकर परेड का निरीक्षण किया, शासकीय वाहनों, टूल किट एवं उनमें उपलब्ध बलवा ड्रिल सामग्री की जांच की तथा पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली, रिकॉर्ड, रखरखाव एवं व्यवस्थाओं का सूक्ष्म अवलोकन किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह (भापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक(मध्य/यातायात) सुजावल जग्गा(भापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक(पश्चिम/अपराध) श्रीमती सुमन गुर्जर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक(पूर्व) डॉ. शिवेश सिंह बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जयराज कुबेर सहित जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस लाईन ग्वालियर में आयोजित परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक ग्वालियर रणजीत सिंह सिकरवार ने किया। पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन द्वारा परेड की सलामी लेने के उपरांत परेड का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अनुशासित एवं उत्कृष्ट टर्नआउट वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके पश्चात उन्होंने पुलिस लाइन में उपलब्ध शासकीय वाहनों, आपदा एवं बलवा नियंत्रण में प्रयुक्त टूल किट तथा बलवा ड्रिल सामग्री का भी सूक्ष्म निरीक्षण कर उनकी उपलब्धता एवं रखरखाव का जायजा लिया।
परेड निरीक्षण के उपरांत पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन ने क्वार्टर गार्ड पर सलामी ली तथा पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण कर विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया, उन्होंने शस्त्रागार पहुंचकर हथियारों के रखरखाव, साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इसके अलावा मालखाना, स्टोर, लाइन कार्यालय एवं अन्य प्रशासनिक शाखाओं का निरीक्षण कर अभिलेखों एवं कार्यप्रणाली की समीक्षा की और स्टोर शाखा में रखी सामग्री का अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन अरविन्द कुमार सक्सेना, दिशा लर्निंग सेंटर एवं लाइब्रेरी भी पहुंचे, जहां उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों एवं पुलिस कर्मियों से चर्चा की। उन्होंने अध्ययनरत विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें लक्ष्य के प्रति समर्पण एवं नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया। इसके पश्चात रक्षित निरीक्षक श्री रणजीत सिंह सिकरवार से पुलिस लाइन की शाखावार जानकारी प्राप्त की तथा परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया। उन्होंने संबंधित शाखा प्रभारियों को रिकॉर्ड संधारण, संसाधनों के बेहतर रखरखाव एवं कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के उपरांत पुलिस महानिरीक्षक अरविन्द कुमार सक्सेना ने पुलिस दरबार आयोजित कर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। दरबार के दौरान डॉग स्क्वॉड के डॉग मास्टर द्वारा बताया गया कि वर्तमान में पुलिस लाइन में छह प्रशिक्षित स्निफर एवं ट्रैकिंग डॉग्स वीआईपी सुरक्षा एवं अपराध अनुसंधान जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में लगातार सेवाएं दे रहे हैं, किन्तु उनके लिए उपयुक्त कैनाल(डॉग शेल्टर) उपलब्ध नहीं है।
इस पर पुलिस महानिरीक्षक ने तत्काल रक्षित निरीक्षक को आवश्यक कार्रवाई करते हुए शीघ्र कैनाल निर्माण एवं व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में समयमान वेतनमान का लाभ प्राप्त न होने, यात्रा भत्ता (टीए) का पूर्ण भुगतान न मिलने तथा मेडिकल प्रतिपूर्ति संबंधी समस्या बताई गई। पुलिस महानिरीक्षक ने संबंधित प्रभारियों को रिकॉर्ड परीक्षण कर निर्धारित समय सीमा में सभी प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस महानिरीक्षक अरविन्द कुमार सक्सेना ने दरबार में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह (भापुसे) के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में ग्वालियर पुलिस द्वारा गंभीर एवं जघन्य अपराधों के त्वरित एवं सफल अनावरण, कानून-व्यवस्था के प्रभावी प्रबंधन तथा जनसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित विभिन्न विशेष अभियानों में ग्वालियर पुलिस की सक्रिय एवं प्रभावी सहभागिता प्रशंसनीय रही है, जिसके लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित संपूर्ण ग्वालियर पुलिस टीम बधाई की पात्र है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अनुशासन, संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए जनविश्वास को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा बेहतर पुलिसिंग के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया।
पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन ने मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित प्रदेशव्यापी विशेष साइबर जागरूकता अभियान ‘‘सेफ क्लिक 2.0’’ के अंतर्गत उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की शपथ भी दिलाई तथा प्रत्येक पुलिसकर्मी से समाज में साइबर जागरूकता के संदेश को प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया।


0 Comments