G News 24 : उज्जैन शहर के स्कूल 3 से 31 अगस्त तक हर सोमवार रहेंगे बंद,रविवार को लगेंगी कक्षाएं !

 सावन और भादौ सवारियों के दौरान भीड़ व ट्रैफिक को देखते हुए उज्जैन में ...

           उज्जैन शहर के स्कूल  3 से 31 अगस्त तक हर सोमवार रहेंगे बंद,रविवार को लगेंगी कक्षाएं !

उज्जैन। महाकाल की सावन और भादौ सवारियों के दौरान भीड़ व ट्रैफिक को देखते हुए उज्जैन शहर के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 3 से 31 अगस्त तक प्रत्येक सोमवार अवकाश रहेगा। रविवार को कक्षाएं लगेंगी। 7 सितंबर को पूरे जिले में अवकाश रहेगा।

मीडिया रिपोर्ट्स एवं सूत्रों के अनुसार भगवान महाकाल की सवारियों के दौरान शहर में उमड़ने वाली भारी भीड़ और बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने उज्जैन शहर के स्कूलों के संचालन समय में बदलाव किया है। प्रशासन के निर्देशानुसार 3 अगस्त से 31 अगस्त तक उज्जैन शहर के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में प्रत्येक सोमवार को अवकाश रहेगा। सोमवार के अवकाश की भरपाई के लिए संबंधित रविवार को नियमित कक्षाएं संचालित की जाएंगी।

इस वर्ष सावन माह 30 जुलाई से शुरू हो रहा है। भगवान महाकाल की कुल 6 सवारियां निकाली जाएंगी। इनमें सावन माह में 3, 10, 17 और 24 अगस्त को सवारी निकलेगी, जबकि भादौ माह में 31 अगस्त और 7 सितंबर को राजसी सवारी निकाली जाएगी। इसी कारण 31 अगस्त तक प्रत्येक सोमवार को शहर के स्कूल बंद रहेंगे। वहीं 7 सितंबर को निकलने वाली राजसी सवारी के चलते पूरे जिले में अवकाश रहेगा। चूंकि 7 सितंबर रविवार है, इसलिए उस दिन और अगले दिन सोमवार को भी स्कूल बंद रहेंगे। श्रावण में बाबा महाकाल के दर्शन का नया सिस्टम, चार गेट-अलग लाइन, कावड़ियों के लिए खास दिन।वरिष्ठ अधिकारियों ने परखी महाकाल मंदिर की दर्शन और सवारी व्यवस्था

सवारी का निर्धारित मार्ग

भगवान महाकाल की सवारी शाम 4 बजे मंदिर के सभा मंडप में पूजन के बाद प्रारंभ होगी। सवारी का मार्ग रहेगा— महाकाल मंदिर → गुदरी चौराहा → बक्षी बाजार → कहारवाड़ी → रामघाट → रामानुजकोट → कार्तिक चौक → छत्री चौक → गोपाल मंदिर → पटनी बाजार → गुदरी बाजार → महाकाल मंदिर। रामघाट पर पूजन-अर्चन के बाद सवारी पुनः महाकाल मंदिर लौटेगी। 

कलेक्टर ने दी जानकारी

उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने बताया कि महाकाल की सवारी के दौरान शहर में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार, रामघाट, कार्तिक चौक और छत्री चौक सहित प्रमुख मार्गों पर लंबे समय तक यातायात प्रभावित रहता है। इससे स्कूल बसों और विद्यार्थियों को परेशानी होती है। बच्चों की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए हर वर्ष की तरह इस बार भी सावन माह में यह व्यवस्था लागू की जा रही है। उन्होंने अभिभावकों और स्कूल संचालकों से सहयोग की अपील की है। शिक्षा विभाग इस संबंध में जल्द औपचारिक आदेश जारी करेगा। यह व्यवस्था केवल उज्जैन शहर क्षेत्र के स्कूलों पर लागू होगी।

Reactions

Post a Comment

0 Comments