पहाड़ों में मची तबाही के बाद अब मैदानी इलाकों पर मंडराया खतरा...
20 से 26 जुलाई तक देश में मानसून का महा-अलर्ट !
मैदानी इलाकों में लोग बारिश के लिए तरस रहे हैं लेकिन पहाडों पर लोग इंद्रदेव से बारिश पर ब्रेक लगाने की गुहार लगा रहे हैं. हिमाचल से लेकर जम्मू-कश्मीर तक बादल फटने के बाद जल प्रलय आया हुआ है. वहां सैलाब की वजह से गाड़ियां बह गई हैं. घर सैलाब की आगोश में समा गए और सड़कें डूब गई. जम्मू-कश्मीर के लोगों ने इतना खौफनाक सीन इससे पहले नहीं देखा था. जम्मू-कश्मीर पर कुदरत की ऐसी मार पड़ी है कि लोगों की चीख निकल गई. राजौरी, पूंछ और किश्तवाड़ में बादल फटने के बाद अचानक फ्लैश फ्लड आ गया. इसके बाद पूरा मंजर ही बदल गया. सबसे पहले बात राजौरी की, जहां पहाड़ों पर बादल फटने के बाद सैलाब मौत बनकर आ गया. जब लोग सो रहे थे, तब आधी रात को करीब तीन बजे सैलाब ने धावा बोल दिया.
सैलाब की चेपट में राजौरी के बेला इलाके में मौजूद बस स्टैंड आ गया. स्थानीय लोगों ने 250 गाड़ियों के बहने का दावा किया है. जबकि कुछ गाड़ियों को वॉटर बम में पूरी तरह से बर्बाद कर दिया. बाढ़ की वजह से गाड़ियां एक के ऊपर एक चढ़ गईं. ऐसा लगा कि वो गाड़ियों का कब्रिस्तान बन गया हो. ऐसा लग रहा था कि इन गाड़ियों को किसी ने क्रेन से उठाकर एक के ऊपर एक पटक दिया है. लेकिन ऐसा नहीं है कि ये कुदरत के कहर की गवाही है. वहां पर सैलाब आया और गाड़ियों को देखते ही देखते कबाड़ बना गया. करीब 15 फीट ऊंची सैलाबी लहरें आई तो उसे अपने साथ सबकुछ बहाकर लेकर चली गई. आधी रात को जब अचानक लाखों क्यूसेक पानी के साथ सैलाब ने अटैक किया होगा तो सोचिए कितना खौफनाक मंजर होगा. किश्तवाड़, राजौरी के सभी नदी नाले उफान पर हैं. राजौरी ही नहीं, पुंछ में भी भारी बारिश के बाद बादल फटा है.
बादल फटने के बाद आए जल प्रलय से भारी तबाही मची है. पक्के मकान तक तिनके की तरह ढह गए. घर- बाजार निचले इलाके को सैलाब ने डुबो दिया है. रेस्क्यू के लिए सेना को मोर्चा संभालना पड़ा. पुंछे में नदी के टीले पर फंसे दो लोगों को करीब दो घंटे बाद बचाया जा सका. जम्मू-कश्मीर में बादल फटने के बाद आए सैलाब में 11 लोगों मौत हो गई. जबकि 20 के करीब लोग लापता बताए जा रहा है. वहां पर लोगों को बचाने के लिए राहत-बचाव कार्य जारी है. मौसाम की मार से हिमाचल प्रदेश भी नहीं बच पाया है किन्नौर में भी कुदरत का कहर टूटा. किन्नौर के लिप्पा गांव को जोड़ने वाला एकमात्र मुख्य पुल फ्लैश फ्लड की भेंट चढ़ गया. फ्लैश फ्लड के साथ भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-505 बंद हो गया. किन्नौर के मस्तरंग क्षेत्र में बादल फटने से नाले में अचानक आए सैलाब की चपेट में आईटीबीपी का कैंप आ गया.
हिमाचल प्रदेश के ऊपर से अभी खतरा टला नहीं है. मौसम विभाग ने राज्य में 24 जुलाई तक अलर्ट जारी किया है. कुछ इलाकों में रेड अलर्ट तो कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट है. जम्मू-कश्मीर हो या फिर हिमाचल प्रदेश पहाड़ी राज्यों में मानसून काल बन गया है और फिलहाल आने वाले दिनों में राहत मिलती हुई नहीं दिख रही है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, केवल जम्मू-कश्मीर ही नहीं बल्कि देश के बाकी हिस्सों में भी अब मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है. इस सप्ताह यानी 20 जुलाई से 26 जुलाई में मानसून बेहद शक्तिशाली वापसी कर रहा है. बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और मानसून ट्रफ के वापस आने कीी वजह से इस हफ्ते देश के बड़े हिस्से में भारी बारिश होने का अनुमान है. आइए जानते हैं इस सप्ताह देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम कैसा रहेगा.
उत्तर और मध्य भारत में पिछले 15 दिनों से चल रहा सूखे और उमस भरी गर्मी का मौसम इस सप्ताह खत्म होने जा रहा है. मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि इस सप्ताह के शुरुआती दिनों से ही मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ व्यापक बारिश का दौर शुरू हो जाएगा. इस सप्ताह लगातार होने वाली बारिश से तापमान में भारी गिरावट आएगी और मैदानी इलाकों को वास्तविक ठंडक मिलेगी. मौसम विभाग के मुताबिक, इस सप्ताह मानसून की धमाकेदार शुरुआत पूर्व और पूर्वोत्तर भारत से हो सकती है. यह मानसून के दोबारा सक्रिय होने का मुख्य केंद्र होगा. असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश और पश्चिम बंगाल के पहाड़ी इलाकों में 20 से 22 जुलाई तक मूसलाधार बारिश होने की आशंका है. कुछ इलाकों में भारी बारिश के चलते बाढ़ और भूस्खलन भी हो सकता है.
इस सप्ताह देश के तटीय क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं. महाराष्ट्र के मुंबई और कोंकण क्षेत्र, कर्नाटक के तटीय इलाकों और केरल में बारिश की रफ्तार काफी तेज हो जाएगी. गुजरात के कुछ इलाकों में भी मध्यम से भारी स्तर की बौछारें पड़ने की उम्मीद है, जिससे खेती के कामों में मदद मिलेगी. दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो 20 जुलाई से 26 जुलाई का यह सप्ताह टर्निंग पॉइंट होने जा रहा है. आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में झमाझम बरसात होगी. पहाड़ों से लेकर मैदानों तक बारिश का दायरा काफी बढ़ जाएगा. बारिश के साथ तेज हवाएं चलेंगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. यदि आप इस सप्ताह पहाड़ी इलाकों में घूमने की योजना बना रहे हैं तो स्थानीय मौसम अपडेट्स जरूर जान लें.



0 Comments