GNews 24 :प्रवासी श्रमिकों के हित में विशेष पहल,जिलेभर में शुरू हुआ पंजीयन अभियान !

 शासन की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ...

प्रवासी श्रमिकों के हित में विशेष पहल,जिलेभर में शुरू हुआ पंजीयन अभियान !

ग्वालियर। प्रवासी श्रमिकों के कल्याण, सुरक्षा और उन्हें शासन की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में विशेष पंजीयन अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत अन्य राज्यों से आकर ग्वालियर जिले में कार्यरत प्रवासी श्रमिकों तथा ग्वालियर जिले से अन्य राज्यों में रोजगार के लिए गए श्रमिकों का पंजीयन “प्रवासी श्रमिक पोर्टल” पर किया जाएगा।

सहायक श्रम आयुक्त ने बताया कि अभियान के दौरान ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों के माध्यम से प्रवासी श्रमिकों की जानकारी व्यवस्थित रूप से एकत्रित कर पोर्टल पर दर्ज की जाएगी। इससे जिले में कार्यरत एवं बाहर रोजगार प्राप्त कर रहे श्रमिकों का अद्यतन और प्रमाणिक डाटाबेस तैयार हो सकेगा।

उन्होंने बताया कि पंजीयन के माध्यम से श्रमिकों की वास्तविक स्थिति और आवश्यकताओं का आकलन करने में सहायता मिलेगी। साथ ही शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों एवं श्रमिक हितैषी सुविधाओं का लाभ पात्र श्रमिकों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा।

श्रम विभाग ने जिले की सभी ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, शासकीय विभागों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं अन्य नियोजकों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि सभी संबंधित संस्थाएं यह सुनिश्चित करें कि जिले में कार्यरत कोई भी प्रवासी श्रमिक पंजीयन से वंचित न रहे। यह अभियान श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाने और उनके जीवन स्तर में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।


Reactions

Post a Comment

0 Comments