G NEWS 24 : मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष ने नशामुक्ति जागरूकता रथों को दिखाई हरी झंडी

अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर...

मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष ने नशामुक्ति जागरूकता रथों को दिखाई हरी झंडी

ग्वालियर। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर आयोजित नशामुक्ति सप्ताह के अंतर्गत गुरुवार को नशामुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनसहभागिता को बढ़ावा देना था। नशामुक्ति जागरूकता रथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घूमकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करायेगें। 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक जादौन ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर अनिल बनवारिया एवं रमन शिक्षा समिति के अध्यक्ष एवं समाजसेवी हरिओम गौतम विशेष रूप से उपस्थित रहे। रैली को रवाना करने से पूर्व मुख्य अतिथि अशोक जादौन ने उपस्थित लोगों को जीवन में किसी भी प्रकार का नशा न करने तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया। 

उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है तथा युवाओं को इससे दूर रखकर ही स्वस्थ एवं सशक्त राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है। अपर कलेक्टर अनिल बनवारिया ने कहा कि नशामुक्ति केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक आंदोलन है। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आकर जनजागरूकता बढ़ानी होगी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में रामदास माहॊर, हिमांशु माहॊर, आकाश खरे, शिवांश, नेमी झा सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, विद्यार्थी एवं नागरिक उपस्थित रहे। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने नशामुक्ति के नारों एवं संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया और नशामुक्त समाज बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना था। 

Reactions

Post a Comment

0 Comments