सभी 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित निकाला,यह घटना होर्मुज स्ट्रेट के दक्षिण में हुई थी..
ओमान में जहाज पर अटैक से गुस्से में भारत,US राजनयिक को किया तलव !
ओमान तट पर एक कमर्शियल जहाज पर हमले की भारत सरकार ने कड़ी निंदा की और अमेरिका के शीर्ष राजनयिक को तलब किया. अब पूरे घटनाक्रम पर अमेरिकी विदेश विभाग का बड़ा बयान सामने आया है. यूएस स्टेट डिपार्टमेंट ने गुरुवार (11 जून) को कहा कि वह भारत के साथ सीधे संपर्क में हैं.
विदेश मंत्रालय ने जहाज पर हमले को लेकर विरोध में अमेरिका के चार्ज डी अफेयर्स जेसन मीक्स को तलब किया था और विरोध पत्र यानी Demarche जारी किया था. हिंदुस्तान टाइम्स (HT) की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के उप-मिशन प्रमुख को भारत के तलब करने और दो जहाजों पर हुए हमलों पर अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता ने कहा, 'विदेश विभाग इस मामले को लेकर भारत सरकार के सीधे संपर्क में है.'
भारतीय विदेश मंत्रालय ने की हमले की निंदा
भारतीय विदेश मंत्रालय ने बुधवार (10 जून) को बताया कि ओमान तट के पास एक कमर्शियल जहाज पर हुए हमले के बाद जहाज पर सवार 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि तीन भारतीय अब भी लापता हैं और उनकी तलाश जारी है. विदेश मंत्रालय ने जारी बयान में कहा, 'हम ओमान तट के पास वाणिज्यिक पोत 'सेटेबेलो' पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हैं.'
जहाजों पर हमले को बताया चिंताजनक
मंत्रालय ने कहा कि 'क्षेत्र में जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं और यह वहां जारी संघर्ष का सीधा परिणाम हैं.' बयान में कहा गया, 'हम सभी पक्षों से तत्काल तनाव कम करने और कूटनीतिक समाधान के लिए जारी बातचीत को सफल बनाने की अपील करते हैं,जिससे क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल हो सके. कमर्शियल जहाजों और नागरिक ढांचे को निशाना बनाने की घटनाएं तुरंत बंद होनी चाहिए और अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत समुद्री मार्गों पर निर्बाध आवाजाही और व्यापार बहाल किया जाना चाहिए.'
इससे पहले ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी थी कि ओमान तट के पास एक जहाज से जुड़ी घटना की सूचना मिली है. दूतावास ने कहा कि वह स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और स्थानीय अधिकारियों के साथ संपर्क में है.
गौरतलब है कि सोमवार (8 जून) को भी पालाऊ फ्लैग वाले जहाज एमटी मैरिवेक्स में आग लगने की घटना के बाद उस पर सवार 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया था. यह घटना होर्मुज स्ट्रेट के दक्षिण में हुई थी. मंगलवार (9 जून) को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया था कि एमटी मैरिवेक्स ओमान तट के पास निष्क्रिय हो गया था. जहाज पर मौजूद सभी 24 चालक दल के सदस्य भारतीय नागरिक थे और सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया. उन्होंने इस बचाव अभियान में सहयोग के लिए ओमान सरकार का आभार भी व्यक्त किया.
पश्चिमी एशिया में बढ़ते तनाव पर जताई चिंता
विदेश मंत्रालय ने सोमवार को पश्चिम एशिया में दोबारा बढ़ते तनाव पर भी गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा था कि 100 दिनों से अधिक समय से जारी संघर्ष ने भारी मानवीय संकट पैदा किया है और वैश्विक अर्थव्यवस्था तथा ऊर्जा आपूर्ति पर भी गंभीर असर डाला है. मंत्रालय ने सभी पक्षों से तत्काल तनाव कम करने और शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में कदम बढ़ाने की अपील की थी.


0 Comments