G News 24 : योगमय हुआ ग्वालियर,भव्यता के साथ मना 12वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस !

दुर्ग पर प्रभारी मंत्री श्री सिलावट के मुख्य आतिथ्य में हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन... 

योगमय हुआ ग्वालियर,भव्यता के साथ मना 12वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस ! 

ग्वालियर 21 जून 2026/ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देश और दुनिया के साथ ग्वालियर जिले में भी 12वे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर गाँव-गाँव और शहर-शहर में सामूहिक योग कार्यक्रम हुए। जिला स्तरीय कार्यक्रम ग्वालियर किले पर आयोजित किया गया। इसके साथ ही जिले भर में शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र के कार्यक्रम आयोजित किए गए। शैक्षणिक, सामाजिक एवं अन्य संस्थाओं के साथ-साथ जिले भर के नागरिकों ने योग दिवस के अवसर पर योग कर अभियान में भागीदारी सुनिश्चित की। समाज के सभी वर्गों ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर न केवल योग किया बल्कि प्रतिदिन योग कर अपने जीवन को निरोगी और स्वस्थ बनाने का संकल्प भी लिया। 

ग्वालियर के ऐतिहासिक दुर्ग पर स्थित राजा मानसिंह तोमर के महल परिसर में प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में सांसद भारत सिंह कुशवाह भी शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उदबोधन का सीधा प्रसारण भी हुआ। 

इस अवसर पर जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव, पूर्व सांसद विवेक शेजवलकर, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन भदौरिया, साडा के अध्यक्ष अशोक शर्मा, जिला पंचायत की उपाध्यक्ष श्रीमती प्रियंका सिंह, संभागीय आयुक्त मनोज खत्री, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने सामूहिक योगाभ्यास किया। साथ ही जनप्रतिनिधिगण, योग संस्थाओं से जुड़े नागरिक, विद्यार्थी, शिक्षक गण व बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक सामूहिक योग में शामिल हुए। 

प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने कहा भारत के लिए गौरव की बात है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर पिछले 12 साल से पूरे विश्व में योग दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा समृद्ध व विकसित भारत के निर्माण के लिये देश के हर नागरिक का शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रहना जरूरी है। नियमित योगाभ्यास से यह संभव है। इसलिए सभी लोग योग को अपनी दिनचर्या का अंग बनाएं। योग करने से हमें नई ऊर्जा मिलती है। योग से शारीरिक ही नहीं मानसिक मजबूती भी मिलती है।जिला स्तरीय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मौजूद प्रतिभागियों ने जब एक साथ-एक संकेत पर योगाभ्यास व प्राणायाम किए तो सम्पूर्ण वातावरण योगमय हो गया। सामूहिक योगाभ्यास ने लोगों के मानस पटल पर योग के प्रति गहरी छाप छोड़ी।  

नए टर्मिनल भवन में हुआ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ग्वालियर हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में योग आचार्या प्रस्तावना गुप्ता, योग सह-प्रशिक्षक विनोद सेन ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं हितधारकों को योगाभ्यास एवं प्राणायाम का प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्वालियर हवाई अड्डे के विमानपत्तन निदेशक श्री लोकेश यादव द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है। योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास किया। कार्यक्रम में हवाई अड्डे पर कार्यरत सभी अधिकारियों, कर्मचारियों तथा विभिन्न हितधारकों ने उत्साह एवं अनुशासन के साथ भाग लिया। योग आचार्या प्रस्तावना गुप्ता ने नियमित योगाभ्यास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का सरल एवं प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।


Reactions

Post a Comment

0 Comments