22 से अधिक यात्री घायल...
एमपी के मोहिघाट में 10 मिनट के भीतर दो बसें हुईं हादसे का शिकार !
छिंदवाड़ा से लगे पांढुर्णा के मोहि घाट पर सोमवार को हुए दोहरे सड़क हादसे ने यात्रियों में दहशत फैला दी। घाट के खतरनाक मोड़ और ढलान पर कुछ ही मिनटों के अंतराल में दो यात्री बसें दुर्घटनाग्रस्त हो गईं। हादसे में 22 से अधिक यात्री घायल हो गए, जबकि 15 से ज्यादा लोग बसों के भीतर फंस गए थे। गंभीर रूप से घायल छह यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद नागपुर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, दोनों बसें भोपाल और इंदौर से यात्रियों को लेकर पांढुर्णा की ओर आ रही थीं। सुबह के समय क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही थी।
इसी दौरान मोहि घाट के ढलान वाले हिस्से में पहले एक बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुई। कुछ ही मिनट बाद दूसरी बस भी हादसे का शिकार हो गई। लगातार दो बसों के दुर्घटनाग्रस्त होने से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण, राहगीर और पुलिस मौके पर पहुंच गए। कई यात्री बसों के भीतर फंसे हुए थे। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए बसों के शीशे तोड़े और दरवाजे खोलकर यात्रियों को बाहर निकाला।
बाद में पुलिस और बचाव दल ने संयुक्त रूप से राहत कार्य चलाया। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से पांढुर्णा सिविल अस्पताल सहित आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार कई यात्रियों के सिर, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। कुछ यात्रियों की हालत चिंताजनक होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया।
अस्पताल में घायलों के परिजन भी बड़ी संख्या में पहुंच गए। हादसे में घायल अशफाक खुर्शीद ने बताया कि दुर्घटना के समय बारिश हो रही थी और सड़क पर ऑयल फैला हुआ था। इससे सड़क बेहद फिसलन भरी हो गई थी। चालक ने बस को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने भी सड़क पर ऑयल और बारिश के कारण बढ़ी फिसलन को दुर्घटना की बड़ी वजह बताया। दुर्घटना के बाद मोहि घाट मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
सड़क पर दोनों बसों के क्षतिग्रस्त होकर खड़े रहने से वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन बुलाकर बसों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सड़क पर फैले ऑयल, बारिश के कारण बढ़ी फिसलन और वाहन पर नियंत्रण खोने को हादसे की वजह माना जा रहा है। प्रशासन ने बारिश के मौसम में घाट मार्गों पर वाहन सावधानी से चलाने और गति सीमा का पालन करने की अपील की है।


0 Comments