G News 24 : पाक नेताओं के दरबार में पहुंचा हाफिज सईद का बेटा, नई साजिश की आ रही बू !

 ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की मार के बाद अब फिर से आतंकी नेटवर्कको मजबूत बनाने की तैयारी ...

पाक नेताओं के दरबार में पहुंचा हाफिज सईद का बेटा, नई साजिश की आ रही बू !

पाकिस्तान पोषित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ऑपरेशन सिंदूर में करारी चोट लगने के बाद अब एक बार फिर अपना आतंकी नेटवर्क एक्टिव कोशिश करने में जुटा है. इसके लेकर कुछ तस्वीरें सामने आई हैं.  

ऑपरेशन सिंदूर में करारी चोट खाने के बाद आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा अब एक बार फिर अपने नेटवर्क को सक्रिय करने की कोशिशों में जुट गया है. खुफिया सूत्रों से मिली जानकारी और हाल ही में सामने आई तस्वीरों ने पाकिस्तान और POK में चल रही नई आतंकी गतिविधियों की पोल खोल दी है. हाल ही में सामने आई तस्वीरों में लश्कर-ए-तैयबा चीफ और मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद का बेटा तल्हा सईद पाकिस्तान के पूर्व कैबिनेट मंत्री शेख राशिद से मुलाकात करता दिखाई दिया. माना जा रहा है कि यह मुलाकात आतंकी संगठन के लिए राजनीतिक समर्थन जुटाने और नेटवर्क को दोबारा मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है. 

आतंकी संगठन को मजबूत बनाने की तैयारी 

इसके अलावा जानकारी के मुताबिक, तल्हा सईद ने पाकिस्तान के गैर कानूनी कब्जे वाले कश्मीर यानी POK के पूर्व प्रधानमंत्री और ऑल जम्मू-कश्मीर मुस्लिम कॉन्फ्रेंस के प्रमुख सरदार अतीक अहमद खान से भी उनके घर पर मुलाकात की थी. इस दौरान तथाकथित 'कश्मीर आजादी' के नाम पर पाकिस्तान के प्रोपेगंडा नैरेटिव को आगे बढ़ाने और लश्कर को फिर से सक्रिय करने को लेकर चर्चा हुई. इससे कुछ दिन पहले भी कुछ तस्वीरें सामने आई थीं, जिनमें पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार और वरिष्ठ नेता अहसान इकबाल कथित तौर पर इन आतंकियों और उनसे जुड़े लोगों के साथ नजर आए थे. इन तस्वीरों के सामने आने के बाद पाकिस्तान सरकार और आतंकी संगठनों के बीच कथित गठजोड़ को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. 

आतंकी नेटवर्क को मजबूत बनाने की कोशिश 

रिपोर्ट्स के अनुसार, तल्हा सईद लगातार पाकिस्तान के राजनीतिक और कट्टरपंथी चेहरों से संपर्क साध रहा है ताकि ऑपरेशन सिंदूर के बाद कमजोर पड़े आतंकी नेटवर्क को फिर से खड़ा किया जा सके. माना जा रहा है कि पाकिस्तान में मौजूद कुछ राजनीतिक तत्व और कट्टरपंथी संगठन लश्कर को फिर से सक्रिय करने में मदद कर रहे हैं. गौरतलब है कि पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान और POK में मौजूद लश्कर-ए-तैयबा के कई आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया था. इस कार्रवाई में संगठन के कई आतंकियों के मारे जाने की खबरें भी सामने आई थीं. ऑपरेशन के बाद लश्कर का नेटवर्क काफी कमजोर पड़ा था. 

भारतीय सुरक्षा एजेंसियों की चेतावनी 

अब लगातार हो रही इन बैठकों को लश्कर की नई रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है, जहां पाकिस्तानी राजनीतिक चेहरों और कट्टरपंथी संगठनों के जरिए संगठन को फिर से खड़ा करने की कोशिश हो रही है. हालांकि, भारतीय सुरक्षा एजेंसियां पाकिस्तान और POK में चल रही हर गतिविधि पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. सुरक्षा सूत्रों का साफ कहना है कि अगर पाकिस्तान, उसकी खुफिया एजेंसी ISI या आतंकी संगठन किसी भी नापाक साजिश को अंजाम देने की कोशिश करते हैं, तो उन्हें इसका करारा जवाब दिया जाएगा. 


Reactions

Post a Comment

0 Comments