G News 24 : सड़क पर हैवानियत,बीच रास्ते पर कार रोककर पत्नी को बालों से घसीटा !

 बेरहमी से पीटा, CCTV वायरल...

सड़क पर हैवानियत,बीच रास्ते पर कार रोककर पत्नी को बालों से घसीटा !

गुजरात के सूरत में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक शख्स ने बीच सड़क पर अपनी पत्नी को रोककर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की. यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. गुजरात के सूरत शहर से घरेलू हिंसा और सरेआम गुंडागर्दी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक शख्स ने अलग रह रही पत्नी की स्कूटी को बीच सड़क पर जबरन रोका और फिर उसके साथ मारपीट की. आरोपी ने महिला को बालों से पकड़कर घसीटा और उस पर लात-घूंसों की बरसात कर दी. यह पूरी दर्दनाक घटना वहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया.

यह खौफनाक वारदात शनिवार के दिन सूरत की एक व्यस्त सड़क पर हुई. सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि 46 साल का आरोपी प्रवीनभाई अमरशीभाई गोलकिया अपनी कार से जा रहा था. तभी उसने सड़क पर अपनी पत्नी को स्कूटी से जाते हुए देखा. आरोपी ने तुरंत अपनी कार महिला की स्कूटी के आगे अड़ा दी, जिससे महिला को रुकना पड़ा. इसके बाद आरोपी गुस्से में कार से उतरा और बिना कुछ सोचे-समझे महिला पर टूट पड़ा. उसने महिला को बालों से पकड़ा, स्कूटी से नीचे घसीटा और सरेआम तमाशा बनाते हुए उसे लात और घूंसों से पीटना शुरू कर दिया.

कोर्ट में चल रहा है दोनों का केस

पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह पति-पत्नी काफी समय से एक-दूसरे से अलग रह रहे थे. दोनों के बीच घरेलू विवाद का एक मामला पहले से ही कोर्ट में चल रहा है. इस दंपति की दो बेटियां हैं, जिनमें से एक बेटी मां के साथ रहती है और दूसरी पिता के साथ रहती है. शनिवार को अचानक दोनों का सड़क पर आमना-सामना हो गया था. टूर एंड ट्रेवल्स का बिजनेस चलाने वाले आरोपी प्रवीनभाई ने रास्ते में अपनी पत्नी को देखते ही अपना आपा खो दिया और उस पर जानलेवा हमला कर दिया.

लोगों ने बचाने की कोशिश की

जब आरोपी महिला को बेरहमी से पीट रहा था, तो सड़क से गुजर रहे कुछ राहगीरों ने उसे रोकने और बीच-बचाव करने की कोशिश की. लेकिन आरोपी का गुस्सा इतना ज्यादा था कि वो किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था. इसी बीच वहां ड्यूटी पर तैनात एक महिला ट्रैफिक पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंची और उन्होंने बीच-बचाव कर महिला को बचाया. पुलिस को आता देख आरोपी वहां से अपनी कार में बैठकर फरार हो गया, लेकिन भागने से पहले उसने अपनी पत्नी को जान से मारने की धमकी भी दी.

पुलिस ने चंद घंटों में किया गिरफ्तार

इस पूरी घटना के बाद पीड़ित महिला सीधे पुलिस स्टेशन पहुंची और अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. मामला महिलाओं की सुरक्षा और सरेआम मारपीट का था, इसलिए पुलिस ने भी इसे बेहद गंभीरता से लिया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की और शिकायत दर्ज होने के महज कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी पति प्रवीनभाई गोलकिया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

Reactions

Post a Comment

0 Comments