महाराष्ट्र के नांदेड़ में पुलिस ने 'ऑपरेशन क्रैकडाउन' के तहत की गई रेड में ...
एक घर से मिले 5000 धारदार हथियार, 24 घंटे की रेड से पूरा देश दंग रह गया !
महाराष्ट्र के नांदेड़ से एक ऐसी खबर आई है जिसने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है. नांदेड़ ग्रामीण पुलिस ने एक या दो नहीं, बल्कि पूरे 4,796 घातक हथियार बरामद किए हैं. इसे महाराष्ट्र के इतिहास में एक ही दिन में की गई हथियारों की सबसे बड़ी बरामदगी बताया जा रहा है. 'ऑपरेशन क्रैकडाउन' के तहत की गई इस कार्रवाई ने अपराधियों के सप्लाई चेन को पूरी तरह तोड़ दिया है. पुलिस का मानना है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किसी बड़ी आपराधिक साजिश को अंजाम देने के लिए किया जा सकता था.इनमें तलवारें, खंजर और गुप्तियां शामिल हैं. जानिए कैसे पुलिस ने इस सबसे बड़े जखीरे का पर्दाफाश किया और कौन है इसका मास्टरमाइंड.
आधी रात को शुरू हुआ पुलिस का 'एक्शन'
नांदेड़ ग्रामीण पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में अवैध हथियारों का बड़ा धंधा चल रहा है. इंस्पेक्टर ओमकांत चिंचोलकर की अगुवाई में टीम ने बुधवार रात करीब 11.15 बजे बलीरामपुर में जाल बिछाया. वहां पुलिस को एक संदिग्ध युवक अभिजीत गिरिधर सातपुते मिला, जो अपनी कमर में तलवार और खंजर छिपाए हुए था. जब पुलिस ने उसे दबोचा और पूछताछ की, तो उसने जो राज उगला, उसने पुलिस के पैरों तले जमीन खिसका दी.
हथियारों का जखीरा देख उड़े होश
संदिग्ध युवक की निशानदेही पर पुलिस ने वजीराबाद के गुरु रामदास नगर में छापेमारी की. वहां पुलिस के पहुंचते ही एक आरोपी भाग निकला, लेकिन जब वहां तलाशी ली गई तो हथियारों का अंबार मिला. पुलिस ने 24 घंटे तक चली इस रेड में कुल 4,796 हथियार जब्त किए. इनमें 315 बड़ी तलवारें, 135 मध्यम तलवारें और सैकड़ों की तादाद में खंजर, खंडा, गुप्तियां और कुकरी शामिल थीं.
43 लाख की कीमत और खतरनाक मंसूबे
पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार के मुताबिक, इन हथियारों की कीमत अवैध बाजार में करीब 43.48 लाख रुपये है. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जब्त किए गए 90 प्रतिशत हथियारों का इस्तेमाल केवल आपराधिक गतिविधियों के लिए किया जा सकता था. पुलिस ने साफ किया है कि सजावट या धार्मिक कार्यों के नाम पर अवैध हथियारों की बिक्री करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.
मास्टरमाइंड की तलाश में पुलिस
इस पूरे काले कारोबार का मुख्य आरोपी जसविंत सिंह प्रकाश सिंह सुखमणि बताया जा रहा है, जो फिलहाल फरार है. पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 4 और 25 के तहत मामला दर्ज कर लिया है. जांच टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतने बड़े पैमाने पर हथियार कहां से लाए गए थे और इनका वितरण किन-किन जिलों या राज्यों में होना था.
नांदेड़ पुलिस ने चेतावनी दी है कि वे केवल हथियारों को पकड़ने तक नहीं रुकेंगे, बल्कि इनके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करेंगे. ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों प्लेटफॉर्म पर पुलिस की नजर है. इस बड़ी सफलता के बाद पूरे इलाके में पुलिस की गश्ती बढ़ा दी गई है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं.


0 Comments