न्यायालय ने सामी एवं उनकी मैनेजमेंट टीम को नोटिस जारी कर मांगा जवाब ...
ग्वालियर की इवेंट मैनेजमेंट कंपनी द्वारा अदनान सामी पर दायर किया केस !
ग्वालियर। अदनान सामी प्रकरण में माननीय न्यायालय ने गायक अदनान सामी एवं उनकी मैनेजमेंट टीम के विरुद्ध नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। प्रकरण में आरोप है कि वर्ष 2022 में ग्वालियर में आयोजित होने वाले एक म्यूजिक इवेंट के लिए आरोपी पक्ष द्वारा लगभग ₹33,00,000/- की डील तय की गई थी, जिसके तहत ₹17,62,000/- की भारी अग्रिम राशि प्राप्त करने के बाद कार्यक्रम को टालते हुए अंततः निरस्त कर दिया गया।
आरोप यह भी है कि बार-बार मांग करने के बावजूद उक्त राशि वापस नहीं की गई, जिससे आयोजक कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।
गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस द्वारा शिकायत के बावजूद FIR दर्ज नहीं की गई, जिसके चलते पीड़ित पक्ष को न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। निचली अदालत द्वारा आवेदन निरस्त किए जाने के बाद अब उच्च न्यायालय के समक्ष आपराधिक पुनरीक्षण याचिका प्रस्तुत की गई है।
फरयादी का कहना है कि माननीय न्यायालय द्वारा नोटिस जारी किया जाना इस बात का संकेत है कि प्रकरण प्रथम दृष्टया गंभीर है और इसमें विस्तृत न्यायिक परीक्षण आवश्यक है।
आयोजक पक्ष ने इसे विश्वासघात, धोखाधड़ी एवं आर्थिक शोषण का मामला बताते हुए कहा है कि वे इस लड़ाई को अंत तक लड़ेंगे और न्याय प्राप्त करके रहेंगे। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला तो वे उच्चतर न्यायालयों में जाने सहित अन्य कानूनी विकल्पों का भी सहारा लेंगे- श्रीमती लावण्या सक्सेना,का-अर्जा एंटरटेनमेंट प्रा. लिमिटेड


0 Comments