अधिकारियों के अनुसार यह सफलता सघन एवं योजनाबद्ध चेकिंग अभियान का परिणाम है...
चेक पोस्ट पर सघन चेकिंग से राजस्व में 81.2% की उल्लेखनीय वृद्धि !
दतिया। परिवहन विभाग द्वारा जारी निर्देशों के पालन में जिले के चेक पोस्ट पर विगत 15 दिवस (दिनांक 01 अप्रैल 2026 से 15 अप्रैल 2026) के दौरान सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अवधि में की गई चालानी कार्यवाही एवं राजस्व वसूली की तुलना गत वर्ष अप्रैल 2025 की समान अवधि से करने पर उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
विभागीय सूत्रों से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में उक्त अवधि के दौरान कुल 201 चालान बनाए गए, जिनसे ₹13,66,500 का राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं, वर्ष 2025 में इसी अवधि में 161 चालान बनाते हुए ₹7,54,500 का राजस्व प्राप्त हुआ था। इस प्रकार चालान संख्या में 40 की वृद्धि तथा राजस्व में ₹6,12,000 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो कुल मिलाकर 81.2 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाती है।
अधिकारियों के अनुसार, यह सफलता सघन एवं योजनाबद्ध चेकिंग अभियान का परिणाम है। चेकिंग के दौरान चालान POS मशीन एवं मैनुअल दोनों माध्यमों से बनाए गए। समस्त स्टाफ ने परिवहन अधिकारियों के मार्गदर्शन में पूरी निष्ठा एवं तत्परता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित की।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगे भी नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि सड़क सुरक्षा एवं राजस्व संग्रह दोनों को सुदृढ़ किया जा सके।
विगत वर्ष (2025)...
- कुल चालान संख्या: 161
- राजस्व राशि: 7,54,500
वर्तमान वर्ष (2026)
- कुल चालान संख्या: 201
- राजस्व राशि: 13,66,500
निष्कर्ष....
- चालान संख्या में वृद्धि: +40 (अधिक)
- राजस्व राशि में वृद्धि: +6,12,000 (अधिक)
- कुल प्रतिशत वृद्धि: 81.2%

0 Comments