G News 24 : पश्चिम बंगाल की 152 और तमिलनाडु की 234 सीटों पर वोटिंग जारी !

पश्चिम बंगाल में दो चरण में मतदान होना है...

पश्चिम बंगाल की 152 और तमिलनाडु की 234 सीटों पर वोटिंग जारी !

पश्चिम बंगाल में दो चरण में मतदान होना है। आज यानी पहले चरण में कुल 152 सीटों पर वोटिंग हो रही है। वहीं, तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर एक साथ मतदान हो रहा है। दोनों राज्यों में वोटिंग शुरू हो चुकी है। पश्चिम बंगाल की 152 और तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों पर आज वोटिंग हो रही है। बंगाल में दो चरण में विधानसभा चुनाव होने हैं जिसमें आज यानी 23 अप्रैल को पहले चरण की वोटिंग हो रही है। पहले चरण में 152 सीटों पर मतदान हो रहा है। वहीं, तमिलनाडु की बात करें तो यहां सभी सीटों पर एक चरण में ही वोटिंग हो रही है। बीजेपी इन दोनों ही राज्यों में सत्ता में आने के लिए पूरा दमखम लगा रही है। वहीं, पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की टीएमसी के लिए सत्ता बचाए रखना बड़ी चुनौती है। तमिलनाडु में एमके स्टालिन के लिए भी एक बार फिर सरकार में आना आसान नहीं होगा।

सुबह 7 बजते ही दोनों राज्यों में वोटिंग शुरू हो गई जो शाम 6 बजे तक जारी रहेगी। आपको बता दें कि मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल समेत पूरे उत्तर और मध्य भारत में लू की चेतावनी जारी की है। ऐसे में ज्यादातर मतदाता सुबह और शाम के समय ही मतदान कर सकते हैं। दोपहर में तेज गर्मी के कारण मतदान कम रह सकता है। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में 5.73 करोड़ से ज्यादा वोटर 4,023 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे।

चुनाव आयोग ने लगाई पाबंदी

चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों को निर्देश दिया है कि वे 23 अप्रैल को सुबह छह बजे से मतदान समाप्त होने तक अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से बाहर नहीं जाएं। पहले चरण के चुनाव में गुरुवार को राज्य के 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। यहां कुल 1,478 उम्मीदवार मैदान में है। 3.60 करोड़ से अधिक मतदाता लगभग 44,376 बूथों पर वोट डालेंगे। इनमें 1.84 करोड़ पुरुष, 1.75 करोड़ महिला और 465 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एक दिशानिर्देश के अनुसार, उम्मीदवारों को मतदान के समय अपने निर्वाचन क्षेत्रों में ही रहना चाहिए और किसी भी ऐसी गतिविधि में शामिल होने से बचना चाहिए जिससे चुनावी प्रक्रिया बाधित हो सकती है। उन्होंने कहा, ''सभी उम्मीदवारों से यह सुनिश्चित करने की अपेक्षा की जाती है कि मतदान स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो और मतदाता बिना किसी भय या बाधा के अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग कर सकें।'' मतदान का दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा और मतगणना चार मई को होगी। 

सुबह 7 बजे शुरू हुई वोटिंग

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु की सभी सीटों पर वोटिंग सुबह 7 बजे शुरू होगी और शाम 6 बजे तक जारी रहेगी। 6 बजे के बाद सिर्फ वही मतदाता वोट डाल सकेंगे, जो 6 बजे से पहले लाइन में लग गए थे।

बड़ी संख्या में मतदान करने का आग्रह करता हूं: PM

आज पश्चिम बंगाल में पहले चरण की वोटिंग हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके लोगों से अपील की है कि सभी लोग इसमें भाग लें। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, 'पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के लिए मतदान का पहला चरण आज है। मैं सभी नागरिकों से लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरे उत्साह के साथ भाग लेने का आह्वान करता हूं। मैं विशेष रूप से अपने युवा मित्रों और पश्चिम बंगाल की महिलाओं से बड़ी संख्या में मतदान करने का आग्रह करता हूं।

एमके स्टालिन के पोते ने डाला वोट

तमिलनाडु चुनाव 2026 में डिप्टी सीएम उदयनिधि स्टालिन की पत्नी और बेटे, किरुथिगा उदयनिधि और इनबनिथि ने चेन्नई के एक पोलिंग स्टेशन पर वोट डाला। एमके स्टालिन की डीएमके अपनी सरकार बचाने की कोशिश में है। वहीं, एनडीए गठबंधन इस बार कड़ी चुनौती देने की कोशिश करेगा।

वोट डालने पहुंचे टीवीके चीफ विजय

तमिलनाडु चुनाव 2026 में टीवीके चीफ और तिरुचिरापल्ली ईस्ट और पेरम्बूर चुनाव क्षेत्रों से उम्मीदवार विजय अपना वोट डालने के लिए चेन्नई के एक पोलिंग स्टेशन पर पहुंचे। इस चुनाव से पहले उनकी लोकप्रियता चरम पर है और लोग बड़ी संख्या में उनकी रैलियों में पहुंचे थे।

इस बार बदलाव होगा: सुवेंदु अधिकारी

पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष और नंदीग्राम और भवानीपुर से बीजेपी उम्मीदवार, सुवेंदु अधिकारी ने कहा, "परिवर्तन होगा। अगर इस बार बदलाव नहीं हुआ, तो बंगाल में सनातन खत्म हो जाएगा। चुनाव आयोग अच्छा काम कर रहा है, लेकिन हर जगह कुछ गुंडे हैं। हमारे पोलिंग एजेंट को गिरफ्तार कर लिया गया है। तुरंत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।"

विधानसभा में महिलाओं की आवाज उठाऊंगी:तमिलिसाई सुंदरराजन

मायलापुर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार तमिलिसाई सुंदरराजन ने कहा, "यह लोकतांत्रिक उत्सव है। हर किसी को इस लोकतांत्रिक उत्सव में हिस्सा लेना चाहिए। मैं बहुत खुश हूं, मैं एक उम्मीदवार भी हूं, और एक वोटर भी। तमिलनाडु के लोगों के आशीर्वाद से, एनडीए मायलापुर में भी जीतेगा, भगवान और लोगों के आशीर्वाद से, मैं विधानसभा में महिलाओं की आवाज उठाऊंगी।"

पी चिदंबरम ने डाला वोट

सीनियर कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने शिवगंगा के कराईकुडी में एक पोलिंग स्टेशन पर वोट डाला और अपनी स्याही लगी उंगली दिखाई। तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में मतदान शुरू हो चुका है। मतदान की प्रक्रिया शाम 6 बजे तक जारी रहेगी।

महाराष्ट्र की बारामती सीट पर उपचुनाव

महाराष्ट्र की बारामती सीट पर आज उपचुनाव हो रहा है। यहां भी तैयारी पूरी है और सात बजे से मतदान शुरू होगा। 28 जनवरी को एक विमान हादसे में तत्कालीन उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजित पवार की मौत हो गई थी। इस वजह से यहां चुनाव जरूरी है। अजित की पत्नी सुनेत्रा को उनकी जगह डिप्टी सीएम बनाया गया और अब वह इसी सीट से चुनाव लड़ रही हैं। विपक्ष के नाम वापस लेने से उनकी जीत लगभग तय है। यहां सुनेत्रा पवार सहित 23 उम्मीदवार मैदान में हैं।

अजित पवार के स्मृति स्थल पर पहुंचीं सुनेत्रा पवार

सुनेत्रा पवार ने मतदान करने से पहले अजित पवार के स्मृतिस्थल पर जाकर अभिवादन किया। अजित दादा पवार के प्लेन क्रैश में मृत्यु के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी सुनेत्रा पवार के कंधों पर है।


Reactions

Post a Comment

0 Comments